home page

बीजिंग में ट्रंप का भव्य स्वागत, एयरपोर्ट से जिनपिंग की दूरी ने बढ़ाई चर्चाएं

 | 
बीजिंग में ट्रंप का भव्य स्वागत, एयरपोर्ट से जिनपिंग की दूरी ने बढ़ाई चर्चाएं


बीजिंग, 13 मई (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को चीन पहुंचे हैं। हालांकि, उनकी यात्रा की शुरुआत से ही एक कूटनीतिक संकेत चर्चा का विषय बन गया, क्योंकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने नहीं पहुंचे। ट्रंप और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग ने किया।

बीजिंग एयरपोर्ट पर ट्रंप के स्वागत के लिए विशेष समारोह आयोजित किया गया। अमेरिकी और चीनी अधिकारियों के अलावा सैकड़ों युवाओं को भी वहां तैनात किया गया था, जिन्होंने दोनों देशों के झंडे लहराकर अमेरिकी राष्ट्रपति का अभिवादन किया। समारोह में सैन्य बैंड और औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी शामिल रहा।

जिनपिंग का एयरपोर्ट पर मौजूद न होना चीन की ओर से एक प्रतीकात्मक कूटनीतिक संदेश माना जा सकता है। आमतौर पर ट्रंप के विदेशी दौरों में मेजबान देशों के राष्ट्राध्यक्ष खुद उनका स्वागत करते रहे हैं। हाल के महीनों में संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और कतर जैसे देशों में उनका स्वागत शीर्ष नेतृत्व ने ही किया था।

यह ट्रंप की 2017 के बाद दूसरी चीन यात्रा है। उस समय भी उनका स्वागत शीर्ष स्तर पर हुआ था, जबकि 2009 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के चीन दौरे के दौरान तत्कालीन उपराष्ट्रपति शी जिनपिंग स्वयं एयरपोर्ट पहुंचे थे।

ट्रंप के साथ पहुंचे 17 बड़ी कंपनियों के सीई

ट्रंप के साथ कई बड़ी अमेरिकी कंपनियों के प्रमुख भी चीन पहुंचे हैं। प्रतिनिधिमंडल में एलन मस्क (टेस्ला/स्पेसएक्स/एक्स), टिम कुक (एप्पल), लैरी फिंक (ब्लैकरॉक), स्टीफन श्वार्जमैन (ब्लैकस्टोन), केली ऑर्टबर्ग (बोइंग), ब्रायन साइक्स (कारगिल), जेन फ्रेजर (सिटी), जिम एंडरसन (कोहीरेंट), एच. लॉरेंस कल्प (जीई एयरोस्पेस), डेविड सोलोमन (गोल्डमैन सैक्स), जैकब थायसेन (इलुमिना), माइकल मीबैक (मास्टरकार्ड), दीना पॉवेल मैककॉर्मिक (मेटा), संजय मेहरोत्रा (माइक्रॉन), क्रिस्टियानो अमोन (क्वालकॉम), रयान मैकइनर्नी (वीजा), चक रॉबिन्स (सिस्को) शामिल हैं। माना जा रहा है कि यात्रा के दौरान व्यापार, तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ताइवान और वैश्विक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर अहम बातचीत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय