पोप लियो की जेलेंस्की से अपील, ओलेश्की में राहत पहुंचाने के लिए रूस से सहयोग करे यूक्रेन
वेटिकन सिटी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। पोप लियो ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत कर रूस और यूक्रेन से घिरे हुए ओलेश्की शहर में खाद्य सामग्री और चिकित्सा सहायता पहुंचाने के लिए सहयोग करने की अपील की है। वेटिकन के मुताबिक, पोप ने शहर में फंसे नागरिकों की स्वैच्छिक और सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
वेटिकन ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि पोप लियो और जेलेंस्की के बीच 19 अक्टूबर को बातचीत हुई। पोप ने उम्मीद जताई कि दोनों पक्षों के बीच सहयोग से ओलेश्की तक भोजन और दवाएं पहुंचाने का रास्ता खुलेगा तथा आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सकेगा। जेलेंस्की की ओर से बातचीत पर तत्काल कोई बयान जारी नहीं किया गया।
ओलेश्की पर फरवरी 2022 से रूसी सेना का कब्जा है। शहर के निवासियों ने खाद्य संकट लगातार गंभीर होने की जानकारी दी है। ऐसे में राहत सामग्री पहुंचाने और नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए मानवीय प्रयास तेज करने की जरूरत बताई जा रही है।
इससे पहले, 16 अक्टूबर को पोप लियो ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत की थी। उस दौरान उन्होंने ओलेश्की में सहायता पहुंचाने के लिए युद्धविराम की व्यवस्था करने का आग्रह किया था। क्रेमलिन ने बातचीत के बाद कहा था कि पुतिन शहर में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए पोप के साथ सहयोग करने पर सहमत हुए हैं, हालांकि उसके बयान में युद्धविराम का उल्लेख नहीं था।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

