home page

प्रधानमंत्री मोदी ने रवि लामिछाने और बालेन को फोन कर बधाई दी

 | 
प्रधानमंत्री मोदी ने रवि लामिछाने और बालेन को फोन कर बधाई दी


काठमांडू, 09 मार्च (हि.स.)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी ने नेपाल के हालिया चुनावों में शानदार जीत के बाद राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) के अध्यक्ष रवि लामिछाने और वरिष्ठ नेता बालेन शाह से फोन पर बातचीत की।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर दी जानकारी में बताया कि उन्होंने रास्वपा के अध्यक्ष रवि लामिछाने और पार्टी के वरिष्ठ नेता बालेन्द्र शाह से गर्मजोशी भरी टेलीफोन बातचीत की। उन्होंने दोनों नेताओं को उनकी चुनावी जीत और नेपाल के चुनाव में रास्वपा की बड़ी सफलता पर बधाई दी।

मोदी ने अपने संदेश में कहा कि उन्होंने नेपाल में बनने वाली नई सरकार के लिए शुभकामनाएं दीं और भारत की ओर से यह भरोसा भी जताया कि दोनों देशों के बीच पारस्परिक समृद्धि, प्रगति और जनकल्याण के लिए मिलकर काम किया जाएगा।

भारतीय प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत और नेपाल के संयुक्त प्रयासों से आने वाले वर्षों में दोनों देशों के संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।

नेपाल के चुनाव में रास्वपा की उल्लेखनीय सफलता के बाद भारत के प्रधानमंत्री की यह प्रतिक्रिया दोनों देशों के भविष्य के द्विपक्षीय संबंधों के संदर्भ में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास