home page

पेरिस में संदिग्ध वाहन से हथियार मिलने के बाद 300 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

 | 
पेरिस में संदिग्ध वाहन से हथियार मिलने के बाद 300 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया


पेरिस, 13 जुलाई (हि.स.)। फ्रांस की राजधानी पेरिस के उपनगर सरसेल्स में एक सिनेगॉग के पास संदिग्ध वाहन से मिलिट्री-ग्रेड हथियार मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने इलाके से करीब 300 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया।

यह संदिग्ध वाहन शनिवार शाम पेरिस के उत्तर में स्थित सरसेल्स इलाके में मिला, जहां फ्रांस के सबसे बड़े यहूदी समुदायों में से एक रहता है। पुलिस ने इलाके को घेरकर आसपास मौजूद एक सिनेमाघर, कई रेस्तरां और अन्य इमारतों को खाली करा लिया।

रूसी टेलीविजन नेटवर्क रशिया टुडे

तथा फ्रांसीसी समाचार टेलीविज़न नेटवर्क फ्रांस 24 ने बताया कि पुलिस ने चोरी की इस गाड़ी से एक असॉल्ट राइफल और एक हैंडगन बरामद किया है। बम निरोधक दस्ते ने वाहन की जांच की, लेकिन उसमें कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

फ्रांस के गृहमंत्री लॉरेंट नुनेज़ ने बरामद असॉल्ट राइफल को मिलिट्री-ग्रेड हथियार बताया। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस मामले के पीछे की मंशा स्पष्ट नहीं है और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

घटना के बाद फ्रांस के राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी अभियोजक कार्यालय ने आतंकवादी आपराधिक संगठन से कथित संबंध और हिंसक हमले की साजिश के एंगल से जांच शुरू कर दी है।

उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2023 में गाजा युद्ध शुरू होने के बाद फ्रांस में यहूदी-विरोधी घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गृहमंत्री नुनेज़ के अनुसार पुलिस इस वर्ष अब तक यहूदी समुदाय को निशाना बनाने वाली तीन बड़ी साजिशों को नाकाम कर चुकी है।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक पिछले वर्ष फ्रांस में यहूदी-विरोधी घटनाओं के 1,320 मामले दर्ज किए गए, जो तीन साल पहले की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक हैं। देश की आबादी में यहूदियों की हिस्सेदारी एक प्रतिशत से भी कम होने के बावजूद धर्म के आधार पर होने वाले अपराधों में आधे से अधिक मामले इसी समुदाय के खिलाफ दर्ज किए गए।

अगस्त 2024 में दक्षिणी शहर ला ग्रांडे-मोटे में एक सिनेगॉग के बाहर हुए धमाके में एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया था। इससे पहले दो गाड़ियों और इमारत के दरवाज़ों में आग लगा दी गई थी। बाद में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान के बाद एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया।

रविवार को यहूदी सेना अधिकारी अल्फ्रेड ड्रेफस की प्रतिमा के अनावरण समारोह में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने भी बढ़ते यहूदी-विरोध पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि फ्रांस में यहूदी-विरोध की बुरी ताकतें एक बार फिर सिर उठा रही हैं और इससे सख्ती से निपटना आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी