पाकिस्तान के हंगू में ऑपरेशन के दाैरान कैप्टन की माैत, 7 आतंकियों के मारे जाने का दावा
रावलपिंडी, 08 अगस्त (हि.स.)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हंगू जिले में सुरक्षा बलों ने खुफिया सूचना के आधार पर अभियान चलाकर सात आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया है। वहीं, इस कार्रवाई के दौरान पाकिस्तान सेना के एक कैप्टन की माैत हाे गई।
पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के हवाले से उर्दू टेलीविज़न चैनल दुनिया न्यूज़ ने बताया कि इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने अभियान शुरू किया था। सेना ने मारे गए आतंकवादियों को फितना अल-ख्वारिज से जुड़ा बताया है।
आईएसपीआर के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आतंकवादियों ने एक मस्जिद में शरण ली, जिसके बाद सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। गोलीबारी में सात आतंकवादी मारे गए। इस दौरान 27 वर्षीय कैप्टन हमज़ा अकरम अपनी टुकड़ी का नेतृत्व करते हुए मारे गए। सुरक्षा बलों ने मौके से हथियार और गोला-बारूद बरामद करने का भी दावा किया है।
सेना का कहना है कि मारे गए आतंकवादी सुरक्षा बलों, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और आम नागरिकों के खिलाफ विभिन्न आतंकी गतिविधियों में शामिल रहे थे। इलाके में मौजूद अन्य संभावित आतंकवादियों की तलाश के लिए अभियान जारी है। इसी दौरान, बलूचिस्तान के कंबिला और आसिमाबाद इलाकों में भी सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा सूत्रों के अनुसार इस कार्रवाई में तीन आतंकवादी मारे गए।
सूत्रों ने बताया कि आतंकवादी कमांडर शौकत मामा समेत चार अन्य आतंकवादी घायल हुए हैं। अभियान के दौरान 12 संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है। इसके अलावा कार्रवाई में आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट किया गया और करीब 68 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को आतंकवादियों से मुक्त कराया गया।
पाकिस्तान सेना ने कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। 'ऑपरेशन रद-उल-फितना 3' के तहत आतंकवादी गतिविधियों को खत्म करने के लिए कार्रवाई तेज की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

