home page

पाकिस्तान में मालगाड़ी के 17 डिब्बे पटरी से उतरे, रेल सेवा में रुकावट

 | 
पाकिस्तान में मालगाड़ी के 17 डिब्बे पटरी से उतरे, रेल सेवा में रुकावट


इस्लामाबाद, 20 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में मटियारी जिले के वहाब शाह रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी (कोल हॉपर ट्रेन) के 17 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस कारण सिंध क्षेत्र में रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और सभी अप-डाउन ट्रैक को बंद करना पड़ा। कराची और देश के बाकी हिस्सों के बीच रेल सेवा कुछ समय के लिए रुक गई। शुरुआती खबरों के मुताबिक, इस घटना से कई यात्री और मालगाड़ियों की आवाजाही बाधित हुई और कई सेवाएं देर से चलीं। यह मालगाड़ी कराची से यूसुफवाला जा रही थी।

दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को हादसे के तुरंत बाद पाकिस्तान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियरिंग और बचाव टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कहा कि हादसे की सही वजह का तुरंत पता नहीं चल सका। हैदराबाद, टांडो आदम और अन्य रेलवे स्टेशनों पर फंसे यात्रियों ने मंजिल तक पहुंचने के लिए परिवहन के दूसरे संसाधनों का सहारा लिया। टांडो आदम के निवासियों और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रभावित यात्रियों को भोजन, पीने का पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं देकर मदद की।

रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि अप और डाउन दोनों ट्रैक पर ट्रेन सेवाएं रोक दी गईं और लाइन 24 घंटे तक बंद रह सकती है। कराकोरम एक्सप्रेस को हैदराबाद स्टेशन पर, अल्लामा इकबाल एक्सप्रेस को कोट्री स्टेशन पर और पाकिस्तान एक्सप्रेस को लांधी स्टेशन पर रोका गया। तेजगाम एक्सप्रेस को ड्रिग रोड स्टेशन, मिल्लत एक्सप्रेस और फरीद एक्सप्रेस को कैंट स्टेशन पर रोका गया। इससे पहले इस साल पाकिस्तान में तीन मालगाड़ी पटरी से उतर चुकी हैं। फरवरी में हरप्पा के पास, मई में क्वेटा और इसी महीने सिंध प्रांत के दादू जिले के पास भी मालगाड़ी से बेपटरी हो चुकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद