home page

कराची में सुरक्षा बलों के ठिकाने पर हमला, तीन रेंजर्स जवानों की मौत

 | 

इस्लामाबाद/कराची, 27 जून (हि.स.)। पाकिस्तान के कराची शहर के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में शनिवार को सुरक्षा बलों के एक प्रतिष्ठान पर हुए हमले में तीन सिंध रेंजर्स कर्मियों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात कर व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, धमाके के साथ ही यूनिवर्सिटी रोड स्थित मेट्रोलॉजिकल चौक के पास तेज गोलीबारी की आवाजें भी सुनी गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, रेंजर्स और अन्य कानून-प्रवर्तन एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

सिंध पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में हमलावरों ने वाहन के जरिए रेंजर्स मुख्यालय के मुख्य द्वार को निशाना बनाने का प्रयास किया। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में तीन संदिग्ध हमलावरों के मारे जाने की भी सूचना है।

अधिकारियों के अनुसार, हमले के बाद क्षेत्र को पूरी तरह घेर लिया गया और आतंकवाद-रोधी बल, विशेष सुरक्षा इकाई के कमांडो तथा रेंजर्स की संयुक्त टीमों ने तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा एजेंसियां घटना की प्रकृति और इसके पीछे शामिल तत्वों की जांच में जुटी हैं।

बचाव सेवा 'रेस्क्यू 1122' ने बताया कि उन्हें गुलिस्तान-ए-जौहर के ब्लॉक-5 क्षेत्र के निकट विस्फोट की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद राहत एवं बचाव दलों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया।

सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने घटना का संज्ञान लेते हुए विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले की गहन जांच कर जल्द से जल्द स्थिति स्पष्ट की जाए। सिंध के गृह मंत्री ने भी घटना पर चिंता जताते हुए अधिकारियों से पूरी जानकारी मांगी है।

फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि हमला किस उद्देश्य से किया गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय