home page

इस्लामाबाद में पाकिस्तान वायुसेना के ग्रुप कैप्टन की गोली मारकर हत्या

 | 

इस्लामाबाद, 05 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में रविवार को पाकिस्तान वायुसेना (पीएएफ) के ग्रुप कैप्टन आसिम तारिक की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यह घटना शाहीन चौक के निकट हुई।

पाकिस्तान ऑब्जर्वर की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक अज्ञात युवक कथित तौर पर एक महिला को जबरन कार में बैठाने की कोशिश कर रहा था। उसी दौरान वहां से गुजर रहे ग्रुप कैप्टन आसिम तारिक ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। इस पर आरोपी ने पिस्तौल से उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में उनका शव पाकिस्तान वायुसेना अस्पताल यूनिट-2 भेजा गया।

पुलिस ने पूछताछ के लिए निमरा नामक महिला को हिरासत में लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ वाहन में सवार होकर घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय