home page

पाकिस्तान के सूचनामंत्री अताउल्लाह तरार ने किया चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन

 | 
पाकिस्तान के सूचनामंत्री अताउल्लाह तरार ने किया चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन


इस्लामाबाद, ( पाकिस्तान), 08 नवंबर (हि.स.)। संघीय सूचनामंत्री अताउल्लाह तरार पर चुनाव आचार संहिता के कथित उल्लंघन का आरोप लगा है। पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने इस पर शनिवार को संज्ञान लिया। आयोग की विज्ञप्ति के अनुसार, तरार ने शनिवार को एनए-77 गुजरांवाला में उपचुनाव के प्रचार के दौरान आचार संहिता का उल्लंखन किया है। मंत्री ने हेलीकॉप्टर से निर्वाचन क्षेत्र का दौरा किया और राशिद बशीर विर्क के लिए एक चुनावी कार्यक्रम को संबोधित किया। राशिद बशीर विर्क नेशनल असेंबली निर्वाचन क्षेत्र एनए-77 (गुजरांवाला- एक) से चुनाव लड़ रहे हैं।

डान समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयोग ने विज्ञप्ति में कहा कि यह आचार संहिता के उस प्रावधान का उल्लंघन है, जो संघीय मंत्रियों सहित सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों को चुनावी प्रचार गतिविधियों में भाग लेने से रोकता है। आयोग ने इस मामले की जांच के लिए जिला निगरानी अधिकारी और जिला रिटर्निंग अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। साथ ही, मंत्री को व्यक्तिगत रूप से आयोग के समक्ष पेश होने का निर्देश भी दिया गया है। आयोग ने कहा है कि जब तक इस मामले पर कोई अंतिम निर्णय नहीं ले लिया जाता, तब तक इस निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम को रोका जा सकता है।

एनए-77 और पंजाब विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पीपी-203 (साहीवाल-छह) में उपचुनाव आज होने हैं। ये दोनों सीटें पीएमएल-एनके संबंधित सांसदों/विधायकों के निधन के बाद खाली हुई थीं। एनए-77 सीट, धरी महमूद बशीर विर्क के निधन के बाद खाली हुई थी। लंबी बीमारी के बाद 11 सितंबर को उनका निधन हो गया था। उनके बेटे राशिद किस्मत आजमा रहे हैं।

महमूद विर्क ने अपने राजनीतिक करियर के दौरान पीएमएल-एन के उम्मीदवार के रूप में पांच बार नेशनल असेंबली के लिए चुनाव जीता। वह पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के कट्टर वफादार माने जाते हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र से राशिद और 17 अन्य उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद