पाकिस्तान की सेना ने बलोचिस्तान में स्वास्थ्य कर्मचारी को अगवा किया, गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत
इस्लामाबाद (पाकिस्तान), 23 नवंबर (हि.स.)। पाकिस्तान की सेना ने बलोचिस्तान में धावा बोलकर एक स्वास्थ्य कर्मचारी को अगवा कर लिया है। इस बीच कई इलाकों में गोलीबारी होने की सूचना है। इस घटना में एक व्यक्ति के मारे जाने का दावा किया जा रहा है। उधर, अगस्त में जबरन गायब किए गए कुछ लोगों के अपने घर पहुंचने बात कही जा रही है।
द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान की सेना ने मस्तुंग जिले के दश्त जलाब गोंडन इलाके के नदीम बलूच को हिरासत में लेने के बाद गायब कर दिया। यह वाकया 18 नवंबर का बताया गया है। मोइन कुर्द के बेटे नदीम बलूच के गायब होने की जानकारी अब सामने आई है। स्वास्थ्य कर्मचारी नदीम को मस्तुंग के दश्त जलाब गोंडन इलाके में बेसिक हेल्थ सेंटर से हिरासत में लिया गया।
इस बीच बलोचिस्तान के कई इलाकों में गोलीबारी की खबर मिली है। चगाई जिले के दलबंदिन इलाके के धादर में हथियारबंद लोगों ने एक कार्गो बस पर फायरिंग की, जिससे बस ड्राइवर की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद शव और घायलों को डीएचक्यू अस्पताल दलबंदिन में शिफ्ट भेजा गया।
गोलीबारी में मारे गए ड्राइवर की पहचान अब्दुल वहीद के रूप में हुई है। वह क्वेटा का रहने वाला है। घायलों में ओबैदुल्ला सुकना नुश्की, फैक और मोहसिन सुकना क्वेटा शामिल हैं। इसके अलावा नुश्की मिल इलाके में हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और महिलाओं और बच्चों समेत कई यात्री घायल हो गए।
दूसरी तरफ, बोलान जिले के मिश्काफ इलाके से दो अज्ञात शव बरामद किए गए हैं। डीएसपी शेर अहमद के मुताबिक, दोनों शव मिश्काफ के पास मिले, लेकिन अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है। केच जिले के मुख्य शहर तुर्बत के शाहरक इलाके में भी एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला।
एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, 19 अगस्त, 2026 से गायब चार लोगों को 21 नवंबर को क्वेटा से बरामद किया गया। इनमें दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। नजमा, उमीरा, जाकिर और प्रिसा मस्तुंग जिले के काबू इलाके के रहने वाले हैं। इनको पाकिस्तान की सेना उठा ले गई थी। चारों अपने घर पहुंच गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

