home page

ओमान के तट पर ऑयल टैंकर पर हमला, एक भारतीय की मौत

 | 
ओमान के तट पर ऑयल टैंकर पर हमला, एक भारतीय की मौत


दुबई/ओमान, 02 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ओमान के सुल्तान कबूस पोर्ट के उत्तर-पश्चिम स्थित एक तेल टैंकर को निशाना बनाया गया। सोमवार को ऑयल टैंकर पर रिमोट चालित नाव से किए गए हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई, जबकि चालक दल के अन्य सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घटना उस समय हुई जब टैंकर लगभग 59,463 मीट्रिक टन कार्गो लेकर समुद्र में आगे बढ़ रहा था। हमले के कारण जहाज के मुख्य इंजन रूम में जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। हादसे के बाद जहाज को गंभीर क्षति पहुंची।

गल्फ न्यूज और तुर्किये की सरकारी एजेंसी अनाडोलू एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक ओमानी मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर ने कहा कि मस्कट के तट से लगभग 52 नॉटिकल मील दूर, मार्शल आइलैंड्स रिपब्लिक का झंडा फहरा रहे एक ऑयल टैंकर पर एक रिमोट से चलने वाली नाव से हमला किया गया, जिसमें चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गयी।

ओमान की मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर के समन्वय से जहाज के चालक दल के 21 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्हें पनामा रिपब्लिक का झंडा फहरा रहे कमर्शियल जहाज एमवी सैंड के जरिए रेस्क्यू किया गया। चालक दल के सदस्यों में 16 भारतीय, चार बांग्लादेशी और एक यूक्रेनी नागरिक शामिल थे।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इजराइल के शनिवार से शुरू हुए संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई बड़े नेताओं की मौत हो गयी। इसके जवाब में ईरान ने ड्रोन और मिसाइल हमलों से इजराइल के साथ-साथ खाड़ी देशों को भी निशाना बनाया, जहां अमेरिका के सैन्य ठिकाने माैजूद थे।

इसी बीच ओमान की रॉयल नेवी ने क्षतिग्रस्त टैंकर की स्थिति पर निगरानी रखने और हालात का आकलन करने के लिए अपना एक जहाज मौके पर भेजा है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी