पूर्व प्रधानमंत्री ओली को स्वास्थ्य कारणों से नहीं मिली छुट्टी, अस्पताल में दर्ज हुए बयान
काठमांडू, 02 अप्रैल (हि.स.)। पिछले साल सितंबर में जेन जी आंदोलन के दौरान हुई हिंसा से जुड़े मामले में गिरफ्तार पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली
को स्वास्थ्य कारणों से त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल से छुट्टी नहीं मिली है, इसलिए पुलिस और और जिला सरकारी वकील कार्यालय की टीम अस्पताल पहुंचकर उनका बयान दर्ज कर रही है।
काठमांडू जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता पवन कुमार भट्टराई ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद पूर्व पीएम ओली विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज करा रहे हैं और फिलहाल अस्पताल से तुरंत छुट्टी मिलने की स्थिति में नहीं हैं। डॉक्टरों ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति के कारण तुरंत डिस्चार्ज संभव नहीं बताया है, इसलिए अस्पताल में ही बयान लिया जा रहा है।
ओली को पिछले शनिवार को उनके निवास से गिरफ्तार किया गया था और अगले दिन अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक अभी जिला पुलिस कार्यालय की हिरासत में हैं, जहां उनका बयान भी दर्ज किया जा रहा है। उनका बयान पास के सरकारी वकील कार्यालय में लिया गया।
ओली और लेखक को पहले जिला अदालत में पेश किया गया था, जहां अदालत ने पुलिस को पांच दिन की रिमांड की अनुमति दी थी। अब गुरुवार को इस रिमांड को बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। लेखक के लिए अगली रिमांड प्रक्रिया वीडियो कॉल के माध्यम से किए जाने की संभावना है, जैसा कि ओली के मामले में अस्पताल से किया गया था।
इन गिरफ्तारियों का आधार पूर्व न्यायाधीश गौरी बहादुर कार्की की अध्यक्षता में गठित आयोग की सिफारिशें हैं, जिसे ‘जेन जी आंदोलन’ के दौरान हुई हिंसा और क्षति की जांच के लिए बनाया गया था। दोनों नेताओं पर आंदोलन के दौरान हुई मौतों से संबंधित आरोप लगे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

