home page

गिरफ्तारी के बाद पूर्व प्रधानमंत्री ओली अस्पताल में भर्ती

 | 
गिरफ्तारी के बाद पूर्व प्रधानमंत्री ओली अस्पताल में भर्ती


काठमांडू, 28 मार्च (हि.स.)। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को काठमांडू के शिक्षण अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्हें अस्पताल के ‘एनेक्स वन’ के 501 नंबर बेड पर रखा गया है। आज सुबह गिरफ्तारी के बाद स्वास्थ्य परीक्षण के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया था।

शुरुआत में उन्हें अस्पताल के ‘रेड जोन’ के 27 नंबर बेड पर रखा गया, जहां नेफ्रोलॉजी टीम के डॉक्टर रविन नेपाली सहित एक अन्य टीम ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। हृदय रोग विशेषज्ञों ने भी उनकी जांच की। अस्पताल के बयान के अनुसार, “रक्त परीक्षण, वीडियो एक्स-रे सहित विभिन्न जांचों के बाद ओली को एनेक्स वन के 501 नंबर बेड में भर्ती किया गया है।”

501 नंबर बेड वाले भवन में ओली को उनकी गाड़ी से ही ले जाया गया था। शिक्षण अस्पताल का 501 नंबर बेड किडनी प्रत्यारोपण वाले मरीजों के लिए आरक्षित रहता है। ओली किडनी प्रत्यारोपण करवा चुके हैं। उनका दो बार किडनी ट्रांसप्लांट भी हो चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास