home page

रेवंत रेड्डी को नहीं मिली अमेरिका जाने की इजाजत, लंदन से ही लौटेंगे वापस

 | 

हैदराबाद, 21 अगस्त (हि.स.)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को अमेरिका जाने की अनुमति नहीं मिली। अब वे लंदन से ही 23 अगस्त को हैदराबाद लौट जाएंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय ने इस बात की पुष्टि की है।

विदेश मंत्रालय द्वारा रेवंत रेड्डी को यूएसए जाने की अनुमति नहीं मिलने की स्थिति में उन्हें अपनी संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) की यात्रा रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। वे इंग्लैंड और अमेरिका की दस दिवसीय यात्रा पर गुरुवार को नई दिल्ली से रवाना हुए थे।

मुख्यमंत्री वर्तमान में लंदन में हैं और अब उनके 23 अगस्त को हैदराबाद लौटने का कार्यक्रम है। उन्हें 23 अगस्त को बोस्टन से न्यूयॉर्क जाना था और 'इंडियन ओवरसीज कांग्रेस' के मीट एंड ग्रीट कार्यक्रम में भाग लेना था। इस बैठक के बाद उन्हें 30 अगस्त को हैदराबाद पहुंचना था।

तेलंगाना के विकास हेतु राइजिंग तेलंगाना और शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विकसित भारत में योगदान देने के उद्देश्य से की जाने वाली यात्रा के लिए इनकार के बाद मुख्यमंत्री ने अमेरिका के बोस्टन जाने के बजाय लंदन से हैदराबाद वापस लौटने का निर्णय लिया है। जबकि अधिकारियों को पूर्व निर्धारित अमेरिकी कार्यक्रमों और समझौतों को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।

केंद्र के इस फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रेवंत रेड्डी ने कहा, इस यात्रा का एकमात्र उद्देश्य केंद्र की नई शिक्षा नीति के हिस्से के रूप में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों को भारत, तेलंगाना और हैदराबाद में लाना था। वे दुनिया के शीर्ष आइवी लीग और अग्रणी वैश्विक संस्थानों से शिक्षा, कौशल और प्रशिक्षण प्राप्त करने की हमारे युवाओं की आकांक्षाओं का जवाब होते। उन्होंने कहा, मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि राष्ट्र निर्माण और युवाओं के भविष्य की बात आने पर हम सभी को राजनीति और चुनावों से परे सोचना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj