नाइजीरिया में सैन्य ठिकाने पर आतंकी हमला, ब्रिगेडियर जनरल समेत कई सैनिकों की मौत
मैदुगुरी (नाइजीरिया), 09 अप्रैल (हि.स.)। नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी बोर्नो राज्य में आतंकवादी संगठनों बोको हराम और इस्लामिक स्टेट वोस्ट अफ्रीका प्रोविंस (आईएसडब्ल्यूएपी) ने संयुक्त रूप से कई स्थानों पर हमला किया, जिसमें एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी सहित कई सैनिकों की मौत हो गई।
नाइजीरिया के रक्षा मुख्यालय के अनुसार, आतंकियों ने बेनिशेख क्षेत्र में स्थित एक महत्वपूर्ण सैन्य अड्डे को निशाना बनाया। आधिकारिक बयान में कहा गया कि सैनिकों ने बहादुरी के साथ जवाबी कार्रवाई की और हमलावरों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। हालांकि, मृतकों की संख्या और पहचान की पुष्टि औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार देर रात आतंकियों ने पहले ग्वोजा जिले के पुलका और बाकिन रूवा कस्बों पर हमला किया। इसके बाद आधी रात के करीब बेनिशेख स्थित 29 टास्क फोर्स ब्रिगेड मुख्यालय को घेरने की कोशिश की गई। सेना के प्रवक्ता ने बताया कि ब्रिगेड के कमांडर ओसेनी ब्राइमाह के नेतृत्व में सैनिकों ने जोरदार प्रतिरोध किया और आतंकियों को खदेड़ दिया।
हालांकि, कुछ सैन्य सूत्रों का दावा है कि हमले के दौरान ब्रिगेडियर जनरल ब्राइमाह समेत कई सैनिक मारे गए और कई सैन्य वाहन भी नष्ट हो गए। बताया गया है कि वायुसेना की मदद से गुरुवार सुबह मृतकों के शवों को हटाया गया और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
नाइजीरिया के उत्तर-पूर्व में पिछले 17 वर्षों से जारी उग्रवाद ने हजारों लोगों की जान ली है और करीब 20 लाख लोगों को विस्थापित किया है। इस वर्ष बोको हराम और आईएसडब्ल्यूएपी ने सैन्य ठिकानों पर हमले तेज कर दिए हैं, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियां और बढ़ गई हैं।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

