home page

ऑस्ट्रेलिया में नेपाली मूल के लोगों की आबादी 10 साल में पांच गुना बढ़ी, संख्या 2.13 लाख के पार

 | 
ऑस्ट्रेलिया में नेपाली मूल के लोगों की आबादी 10 साल में पांच गुना बढ़ी, संख्या 2.13 लाख के पार


काठमांडू, 29 नवंबर (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले नेपाली समुदाय की आबादी पिछले एक दशक में करीब पांच गुना बढ़ गई है। वर्ष 2025 के जून तक ऑस्ट्रेलिया में नेपाल में जन्मे 2 लाख 13 हजार 580 लोग रह रहे थे। वर्ष 2014 में यह संख्या महज 42 हजार 900 थी।

इंस्टीट्यूट फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट स्टडीज (आईआईडीएस) की ओर से नवंबर में प्रकाशित 'नेपाली डायस्पोरा इन ऑस्ट्रेलिया' शीर्षक अध्ययन में यह जानकारी दी गई है। आईआईडीएस और नेपाली दूतावास के संयुक्त आयोजन में इस अध्ययन की रिपोर्ट को काठमांडू में सार्वजनिक किया गया है। अध्ययन के मुताबिक वर्ष 2021 की जनगणना में ऑस्ट्रेलिया में नेपाल में जन्मे 1 लाख 22 हजार 506 लोगों के रहने का आंकड़ा सामने आया था।

आईआईडीएस ने ऑस्ट्रेलिया स्थित नेपाली दूतावास के सहयोग से यह अध्ययन तैयार किया है। इसमें नेपाली समुदाय की बढ़ती आबादी के साथ-साथ उसकी सामाजिक, आर्थिक और व्यावसायिक स्थिति का भी विश्लेषण किया गया है। अध्ययन के लिए 1,089 लोगों से सर्वेक्षण के माध्यम से जानकारी जुटाई गई। इसके अलावा विभिन्न संबंधित पक्षों के साथ 18 साक्षात्कार और दो समूहगत चर्चाएं भी की गईं।

61 प्रतिशत नेपाली उच्च शिक्षा के लिए पहुंचे ऑस्ट्रेलिया

अध्ययन में शामिल लोगों में से 61.16 प्रतिशत ने बताया कि वे उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए ऑस्ट्रेलिया आए थे। वहीं, करीब 23 प्रतिशत लोगों ने परिवार के साथ पुनर्मिलन को ऑस्ट्रेलिया आने का प्रमुख कारण बताया। अध्ययन के अनुसार ऑस्ट्रेलिया में नेपाली समुदाय की मौजूदगी अब केवल विद्यार्थियों और श्रमिकों तक सीमित नहीं है। नेपाली समुदाय व्यवसाय, पेशेवर सेवाओं, उद्यमशीलता, निवेश और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में भी अपनी भागीदारी बढ़ा रहा है।

45 प्रतिशत नेपाली की सालाना कमाई 65 हजार से 1.20 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर

अध्ययन में ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले नेपाली समुदाय की आर्थिक स्थिति का भी आकलन किया गया है। सर्वेक्षण में शामिल 45.27 प्रतिशत लोगों की वार्षिक आय 65 हजार से 1 लाख 20 हजार ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के बीच पाई गई। करीब 35 प्रतिशत लोगों ने ऑस्ट्रेलिया में औपचारिक रूप से निवेश करने की जानकारी दी।

अध्ययन में कहा गया है कि नेपाली डायस्पोरा का योगदान केवल नेपाल में रेमिटेंस भेजने तक सीमित नहीं है। ज्ञान, कौशल, तकनीक, व्यापार, पर्यटन, निवेश और उद्यमशीलता के विकास में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।

आईआईडीएस के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. विश्वास गौचन ने नेपाली डायस्पोरा की आर्थिक और बौद्धिक क्षमता का उपयोग नेपाल के विकास में करने की आवश्यकता पर जोर दिया। अध्ययन प्रस्तुत करने वाली स्नेहा घिमिरे ने भी कहा कि नेपाली डायस्पोरा की भूमिका और योगदान अब रेमिटेंस से कहीं अधिक व्यापक होता जा रहा है।

नेपाल में ऑस्ट्रेलिया के राजदूत साइमन अर्नेस्ट ने वहां रह रहे नेपाली समुदाय को नेपाल और ऑस्ट्रेलिया के बीच आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण सेतु बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास