नेपाली नव वर्ष २०८३ के आगमन पर काठमांडू में ‘ठमेल सड़क महोत्सव’ मंगलवार को
काठमांडू, 13 अप्रैल (हि.स.)। नेपाली नववर्ष विक्रम संवत 2083 के अवसर पर मंगलवार को राजधानी काठमांडू के प्रमुख पर्यटन स्थल ठमेल में ‘ठमेल सड़क महोत्सव’ आयोजित किया जाएगा। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर सोमवार को शाम 6:00 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे और नववर्ष का स्वागत करते हुए सूर्योदय के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
ठमेल पर्यटन विकास परिषद की ओर से नेपाली नववर्ष को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को काठमांडू महानगरपालिका त्रिदेवी मार्ग स्थित क्षेत्र में यह महोत्सव होने जा रहा है। परिषद के उपाध्यक्ष सहदेव धमला ने बताया कि नेपाली नव वर्ष को वैश्विक स्तर पर प्रचारित करने के लिए इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर ठमेल क्षेत्र की सड़कों पर विभिन्न स्टॉल लगाकर भोजन और वस्तुओं की प्रदर्शनी की जाएगी और साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
उनके अनुसार त्रिदेवी मार्ग पर ३०० से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां नेपाल के मौलिक खाद्य पदार्थों का प्रचार-प्रसार और नेपाल के ही निर्मित विभिन्न सामानों की बिक्री की जाएगी। इसी तरह सोमवार को नव वर्ष की पूर्व संध्या पर शाम 6:00 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे और नववर्ष का स्वागत करते हुए सूर्योदय के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। परिषद के अनुसार नेपाल आने वाले विदेशी पर्यटकों में से लगभग 80 प्रतिशत पर्यटक ठमेल घूमने आते हैं। इस सड़क महोत्सव में बड़ी संख्या में घरेलू और विदेशी पर्यटकों की भागीदारी रहने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

