नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई टाली
काठमांडू, 15 मार्च (हि.स.)। नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा की उस याचिका पर सुनवाई नहीं की, जिसमें उन्होंने गगन थापा को नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में मान्यता देने के फैसले को चुनौती दी थी।
नेपाली कांग्रेस के विशेष महाधिवेशन के बाद निर्वाचन आयोग ने थापा को पार्टी अध्यक्ष के रूप में मान्यता दी थी। आयोग के इस फैसले को चुनौती देने वाली इस याचिका पर सुनवाई न्यायाधीश विनोद शर्मा और न्यायाधीश मेघराज पोखरेल की पीठ के समक्ष निर्धारित थी, लेकिन इसे सुनवाई के लिए नहीं लिया गया। इससे पहले प्रतिनिधि सभा के उम्मीदवारों के नामांकन पंजीकरण के दिन न्यायाधीश सुनील पोखरेल की एकल पीठ ने कारण बताओ आदेश जारी करते हुए देउवा की याचिका को प्राथमिकता दी थी।
मतदान से एक हफ्ते पहले ही देउवा अपने परिवार के साथ सिंगापुर के लिए रवाना हो गए थे। इस बार उन्होंने चुनाव प्रचार में अपनी कोई सहभागिता नहीं दिखाई और न ही पार्टी के किसी उम्मीदवार के लिए वोट ही मांगा। पार्टी नेतृत्व में बदलाव के बावजूद पार्टी का प्रदर्शन बहुत ही निराशाजनक रहा और वर्तमान पार्टी अध्यक्ष गगन थापा को भी इस चुनाव में करारी शिकस्त मिली। उनको राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता डॉ. अमरेश सिंह ने पराजित किया। डॉ. सिंह इससे पहले नेपाली कांग्रेस की तरफ से ही तीन बार सांसद रह चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

