नेपालः दांग जिले का युवक नंगे पांव देश भ्रमण पर, पांच साल तक घर न लौटने का संकल्प
काठमांडू, 20 मार्च (हि.स.)। पत्थर और मिट्टी से भरी सड़क, धूप से तपती जमीन और अनिश्चित गंतव्य—इन सबकी परवाह किए बिना नेपाल का एक युवक शुक्रवार से नंगे पांव नेपाल भ्रमण पर निकल पड़ा है। पांच वर्ष तक घर न लौटने के संकल्प के साथ उन्होंने देश के हर भू-भाग को पैदल नापने का अभियान शुरू किया है। दांग जिले के तुलसीपुर नगरपालिका के नवलपुर निवासी 26 वर्षीय मदन केसी ने लुम्बिनी स्थित मायादेवी मंदिर परिसर से ‘महान नेपाल यात्रा’ की औपचारिक शुरुआत की है।
उन्होंने बताया कि 68 वर्षीय पिता तेजु खत्री और 65 वर्षीय माता लक्ष्मी खत्री का आशीर्वाद लेकर उन्होंने यह पैदल यात्रा शुरू की है। उनकी योजना अगले पांच वर्षों में हिमालय, पहाड़ और तराई मधेश के हर गांव, टोल और बस्ती तक पहुंचने की है। उन्होंने कहा, “मैं नेपाल के हर बस्ती तक पहुंचना चाहता हूं। पांच साल के भीतर देश के प्रत्येक भू-भाग का भ्रमण कर नेपाली समाज को नजदीक से समझना मेरा लक्ष्य है।”
मदन के अनुसार यह यात्रा केवल व्यक्तिगत इच्छा नहीं, बल्कि एक सामाजिक अभियान भी है। उन्होंने बताया कि नेपाल का इतिहास, राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक पहचान, जनचेतना और राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाने के उद्देश्य से यह यात्रा शुरू की गई है। उन्होंने कहा, “मैं ‘नेपाल को जानें, नेपाल को जगाएं, नेपाल को बनाएं’ का संदेश लेकर निकला हूं। देश के विभिन्न क्षेत्रों, समुदायों और जनभावनाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझना ही मेरा मुख्य उद्देश्य है।”
उनकी एक सात वर्षीय बेटी और दो वर्षीय बेटा है। उन्होंने बताया कि पत्नी ललिता केसी और परिवार की सहमति से यह अभियान शुरू किया गया है। पांच वर्ष तक घर से दूर रहने पर परिवार कैसे चलेगा, इस सवाल पर उन्होंने कहा, “पत्नी ने कहा कि आप निश्चिंत होकर यात्रा करें, घर मैं संभाल लूंगी। माता-पिता और बहन ने भी मेरा साथ दिया। परिवार के इसी सहयोग ने मुझे बड़ा हौसला दिया।”
उन्होंने यात्रा के पहले दिन लुम्बिनी के मायादेवी मंदिर परिसर में ही रुकने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा, यह यात्रा केवल चलना नहीं, बल्कि आत्म-अनुभूति भी है। उसी आत्म-अनुभूति के लिए मैंने यात्रा की शुरुआत लुम्बिनी से की।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

