home page

नेपाल के साम्प्रदायिक दंगे में घायल एक और युवक की मौत, मृतकों की संख्या हुई दो

 | 
नेपाल के साम्प्रदायिक दंगे में घायल एक और युवक की मौत, मृतकों की संख्या हुई दो


काठमांडू, 30 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज में सशस्त्र पुलिस बल की गोली लगने से घायल हुए एक और युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई है। इसके साथ ही देवानगंज गोलीकांड में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।

मोरंग पुलिस के सूचना अधिकारी डीएसपी मकेन्द्र कुमार मिश्र ने गुरुवार को बताया कि देवानगंज के 22 वर्षीय जयप्रकाश मेहता की विराटनगर स्थित न्यूरो अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार दोपहर 1:24 बजे मृत्यु हो गई। गोली लगने से जयप्रकाश के पेट में गंभीर चोट आई थी और आंते बाहर निकल आई थीं। सोमवार को उनका ऑपरेशन किया गया था, लेकिन स्थिति में सुधार न होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखकर इलाज किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। शव को अस्पताल में ही रखा गया है।

रविवार रात को दीवानगंज में दो समूहों के बीच हुई हिंसक झड़प को नियंत्रित करने के लिए सशस्त्र प्रहरी ने गोली चलाई थी। घटना में घायल हुए देवानगंज के 25 वर्षीय ओमप्रकाश मेहता की उसी रात इलाज के लिए न्यूरो अस्पताल पहुँचाते ही मौत हो गई थी। इस घटना में गोली लगने से २१ लोग घायल हुए थे। उनमें से दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि बाकी आठ लोगों का विराटनगर स्थित न्यूरो अस्पताल, विराट नर्सिंग होम और नोबेल शिक्षण अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, उपचाराधीन मरीजों में रवींद्र कुमार मेहता और अमित यादव की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। गोलीकांड के बाद सुनसरी के विभिन्न हिस्सों में आगजनी, तोड़फोड़, लूटपाट और हमलों की घटनाओं के कारण पूरा जिला तनावग्रस्त हो गया था। स्थानीय प्रशासन का कर्फ्यू आदेश अभी भी लागू है। सुनसरी पुलिस के सूचना अधिकारी डीएसपी चंद्रबहादुर खड़का ने बताया कि बुधवार से जिले की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास