home page

नेपाल और श्रीलंका के बीच क्रॉस–बॉर्डर क्यूआर भुगतान सेवा शुरू

 | 
नेपाल और श्रीलंका के बीच क्रॉस–बॉर्डर क्यूआर भुगतान सेवा शुरू


काठमांडू, 12 मई (हि.स.)। अंतरदेशीय डिजिटल भुगतान लेन-देन को और अधिक सरल तथा सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से श्रीलंका की लंका-पे और नेपाल की नेपाल क्लियरिंग हाउस लिमिटेड के बीच क्रॉस–बॉर्डर क्यूआर भुगतान सेवा शुरू की गई है। अब श्रीलंका जाने वाले नेपाली यात्री कनेक्ट आईपीएस या अन्य मोबाइल बैंकिंग एप के माध्यम से श्रीलंका में मौजूद 4 लाख से अधिक लंका-क्यूआर मर्चेन्ट्स पर क्यूआर स्कैन कर आसानी से भुगतान कर सकेंगे।

श्रीलंका के कोलम्बो में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में नेपाल राष्ट्र बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ श्रीलंका, नेपाल क्लियरिंग हाउस लिमिटेड, लंका-पे तथा दोनों देशों के सहभागी बैंक और वित्तीय संस्थाओं के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की उपस्थिति में औपचारिक रूप से इस क्रॉस–बॉर्डर भुगतान सेवा की शुरुआत की संयुक्त घोषणा की गई।

इस पहल को दक्षिण एशियाई देशों के बीच डिजिटल भुगतान की क्षेत्रीय अंतर-संबद्धता की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। विश्वास व्यक्त किया गया है कि यह व्यवस्था सुरक्षित, रियल-टाइम और परस्पर जुड़ी भुगतान प्रणाली प्रदान करते हुए दोनों देशों के बीच भुगतान इकोसिस्टम को और मजबूत बनाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास