नेपाल में महंगाई दर बढ़कर 6.37 प्रतिशत पहुंची, विदेशी मुद्रा भंडार में 6.8 प्रतिशत की वृद्धि
काठमांडू, 20 नवंबर (हि.स.)। नेपाल में महंगाई दर में पिछले एक साल के दौरान उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। नेपाल राष्ट्र बैंक के अनुसार, अक्टूबर 2026 के अंत तक सालाना उपभोक्ता मूल्य मुद्रास्फीति (महंगाई दर) बढ़कर 6.37 प्रतिशत पहुंच गई, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 1.47 प्रतिशत थी।
समीक्षा अवधि में खाद्य एवं पेय पदार्थों की महंगाई दर 8.04 प्रतिशत और गैर-खाद्य एवं सेवा क्षेत्र की महंगाई दर 5.46 प्रतिशत रही। पिछले वर्ष इसी अवधि में खाद्य एवं पेय पदार्थों के मूल्य सूचकांक में 2.54 प्रतिशत की गिरावट आई थी, जबकि गैर-खाद्य एवं सेवा क्षेत्र के मूल्य सूचकांक में 3.80 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।
नेपाल राष्ट्र बैंक की ओर से सार्वजनिक की गई चालू आर्थिक वर्ष 2026/27 के पहले तीन महीनों (अगस्त से अक्टूबर तक) की समसामयिक व्यापक आर्थिक एवं वित्तीय स्थिति संबंधी रिपोर्ट के अनुसार, चालू वित्त वर्ष के तीसरे महीने में औसत महंगाई दर 6.22 प्रतिशत रही। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 1.67 प्रतिशत थी।
रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल का कुल विदेशी मुद्रा भंडार जुलाई 2026 के 3,897.67 अरब रुपये से 6.8 प्रतिशत बढ़कर अक्टूबर 2026 में 4,161.14 अरब रुपये पहुंच गया। अमेरिकी डॉलर में विदेशी मुद्रा भंडार 8.2 प्रतिशत बढ़कर 27.39 अरब डॉलर हो गया। मध्य जुलाई 2026 में यह 25.31 अरब डॉलर था।
कुल विदेशी मुद्रा भंडार में नेपाल राष्ट्र बैंक के पास मौजूद भंडार 6.4 प्रतिशत बढ़कर 3,695.24 अरब रुपये पहुंच गया, जबकि मध्य जुलाई में यह 3,473.19 अरब रुपये था।
इसी तरह नेपाल राष्ट्र बैंक को छोड़कर बैंक तथा वित्तीय संस्थानों के पास मौजूद विदेशी मुद्रा भंडार 9.8 प्रतिशत बढ़कर 465.9 अरब रुपये हो गया। जुलाई में यह 424.48 अरब रुपये था। अक्टूबर 2026 तक कुल विदेशी मुद्रा भंडार में भारतीय मुद्रा की हिस्सेदारी 21 प्रतिशत रही।
समीक्षा अवधि में नेपाल का निर्यात 57 प्रतिशत बढ़ा, जबकि आयात में 38.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2026/27 की समीक्षा अवधि में सरकार का कुल खर्च 396.27 अरब रुपये रहा। इसमें चालू खर्च 291.66 अरब रुपये, पूंजीगत खर्च 28.42 अरब रुपये और वित्तीय प्रबंधन खर्च 76.19 अरब रुपये रहा।
इसी अवधि में प्रांतीय और स्थानीय सरकारों को हस्तांतरित की जाने वाली राशि सहित सरकार का कुल राजस्व संग्रह 298.61 अरब रुपये रहा। इसमें कर राजस्व 279.35 अरब रुपये और गैर-कर राजस्व 19.27 अरब रुपये शामिल हैं।
राष्ट्र बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, समीक्षा अवधि में व्यापक मुद्रा आपूर्ति (एम2) में 4.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह वृद्धि 3.2 प्रतिशत थी। सालाना आधार पर अक्टूबर 2026 तक व्यापक मुद्रा आपूर्ति में 14.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
बैंक तथा वित्तीय संस्थानों (बीएफआई) में जमा राशि 2.8 प्रतिशत बढ़ी, जबकि निजी क्षेत्र को दिए जाने वाले कर्ज में 3.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई। सालाना आधार पर बैंक जमा में 13.7 प्रतिशत और निजी क्षेत्र के कर्ज में 8.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
अक्टूबर 2026 में 91 दिनों के ट्रेजरी बिल की भारित औसत ब्याज दर 1.01 प्रतिशत रही। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह दर 1.91 प्रतिशत थी। इसी तरह, बैंक तथा वित्तीय संस्थानों के बीच अंतरबैंक ब्याज दर समीक्षा महीने में 2.75 प्रतिशत रही, जबकि एक साल पहले यह 2.58 प्रतिशत थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

