भारतीय सामान पर कस्टम ड्यूटी लगाने के विरोध में काठमांडू में प्रदर्शन जारी
काठमांडू, 23 अप्रैल (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर 100 रुपये से अधिक मूल्य के सामान पर कर लगाने की सरकारी नीति के विरोध में काठमांडू में आज भी ो भी प्रदर्शन हो रहा है।
आज सुबह से ही ‘युथ फॉर ट्रुथ’ संस्था के नेतृत्व में मधेसवादी दलों से जुड़े युवाओं ने माइतीघर मंडला में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से तत्काल सीमा शुल्क (कस्टम ड्यूटी) की व्यवस्था वापस लेने और पहले जैसी स्थिति बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए अक्सर सीमापार खरीदारी करते हैं। ऐसे में 100 रुपये से अधिक के सामान पर कर लगाने का फैसला आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहा है। उनका आरोप है कि इस नीति से खासकर सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले आम नागरिकों, छोटे व्यापारियों और निम्न आय वर्ग के लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनके हाथों में ऐसे प्लेकार्ड थे जिन पर लिखा था—
“कर ज्यादा नहीं चाहिए, महंगाई नहीं सहेंगे”,
“शोषण अब और बर्दाश्त नहीं”,
“कस्टम ड्यूटी खारेज करो”,
“सीमा लूट बंद करो”,
“कर हटाओ, देश बचाओ”,
“महंगाई घटाओ, राहत दिलाओ।”
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही यह निर्णय वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उनका कहना है कि यह नीति जनता के हितों के खिलाफ है और इसे तुरंत रद्द किया जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

