नेपाल के राष्ट्रपति भवन में नौ कन्याओं की पूजा
काठमांडू, 20 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने नवरात्रि के अवसर पर मंगलवार को राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में विधि-विधान के साथ नौ कन्याओं की पूजा-अर्चना की।
राष्ट्रपति पौडेल ने प्रथम महिला सविता पौडेल के साथ परंपरा के अनुसार नौ कन्याओं की पूजा की। नवरात्रि के दौरान नवदुर्गा के प्रतीक के रूप में नौ कन्याओं की पूजा-अर्चना करने की परंपरा है। इस अवसर पर मां दुर्गा के नौ स्वरूपों—शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री—की पूजा की जाती है।
राष्ट्रपति पौडेल ने नौ कन्याओं के पैर धोए, उन्हें टीका लगाया और उपहार भी भेंट किए। नेपाल में राष्ट्र प्रमुख की हैसियत से कन्या पूजा करने की परंपरा है। पहले यह परंपरा नेपाल के राजाओं द्वारा राजपरिवार में किया जाता था। देश में गणतंत्र आने के बाद भी इस परंपरा को निरंतरता दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

