home page

नेपाल में साम्प्रदायिक हिंसा को देखते हुए प्रधानमंत्री ने बुलाई सुरक्षा परिषद की बैठक

 | 
नेपाल में साम्प्रदायिक हिंसा को देखते हुए प्रधानमंत्री ने बुलाई सुरक्षा परिषद की बैठक


काठमांडू, 30 जुलाई (हि.स.)। नेपाल में फैली साम्प्रदायिक हिंसा और देश के कई हिस्सों में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच गुरुवार को प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई। बैठक में देश की समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करते हुए सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा निकायों एवं हितधारकों के बीच समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्णय लिया गया।

सिंहदरबार स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में आज प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में देश की समग्र सुरक्षा स्थिति और 25 जुलाई को सुनसरी में हुई घटना की समीक्षा की गई। परिषद के सदस्य सचिव एवं रक्षा मंत्रालय के सचिव केदारनाथ शर्मा के अनुसार बैठक में निर्णय लिया गया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी सुरक्षा निकायों और संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय करते हुए सामाजिक सद्भाव तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को बनाए रखने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य किया जाएगा।

बैठक में शामिल विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने बताया कि राजनीतिक दलों, स्थानीय हितधारकों और सुरक्षा निकायों के संयुक्त प्रयासों से सुनसरी की स्थिति सामान्य होने की ओर अग्रसर होने की जानकारी दी गई। उनके अनुसार बैठक में इस स्थिति को टिकाऊ बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर संवाद और समन्वय को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए आवश्यक संवाद को तेज करने, संभावित संकट तथा भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए सुरक्षा निकायों की क्षमता वृद्धि, आवश्यक संसाधनों के प्रबंधन और प्रशिक्षण को और अधिक सुदृढ़ करने के विषय पर भी बैठक में चर्चा हुई थी।

बैठक में वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, गृह मंत्री सुदन गुरूंग, नेपाल सरकार के मुख्य सचिव और नेपाली सेना के प्रधान सेनापति अशोक सिग्देल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास