home page

संसदीय समिति की बैठक में नहीं आए प्रधानमंत्री बालेन्द्र, नेपाली कांग्रेस ने किया बैठक का बहिष्कार

 | 
संसदीय समिति की बैठक में नहीं आए प्रधानमंत्री बालेन्द्र, नेपाली कांग्रेस ने किया बैठक का बहिष्कार


काठमांडू, 11 मई (हि.स.)। नेपाल के संसद की राज्य व्यवस्था तथा सुशासन समिति की बैठक में लगातार दूसरी बार भी प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की अनुपस्थिति पर प्रमुख विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस ने बैठक का बहिष्कार किया है।

सोमवार सुबह 11 बजे बैठक बुलाई गई थी। गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी भी संभाल रहे प्रधानमंत्री बालेन्द्र से बैठक में भूमिहीन बस्तियों को खाली कराने, सुरक्षा प्रशासन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जानी थी, लेकिन उनके बैठक में शामिल न होने पर नेपाली कांग्रेस ने विरोधस्वरूप बैठक का बहिष्कार किया।

कांग्रेस संसदीय दल के नेता आङ्देम्बे ने कहा कि प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति में समिति की बैठक का कोई औचित्य नहीं रह जाता। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय से जुड़े भूमिहीन समेत विभिन्न मुद्दों पर जवाब लेना है। गृहमंत्री की भूमिका में प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ही हैं, इसलिए यदि प्रधानमंत्री आकर जवाब देंगे, तो हम बैठक में आएंगे। यदि प्रधानमंत्री नहीं आते, तो सिर्फ औपचारिक मुलाकात, चर्चा, परिचय और चाय पीकर लौटने के लिए हमारी उपस्थिति का कोई अर्थ नहीं है। इसी कारण आज भी हम बैठक में शामिल नहीं हुए।

आङ्देम्बे ने बताया कि समिति के सभापति हरि ढकाल से कहा गया है कि यदि प्रधानमंत्री बैठक में उपस्थित होने वाले हों, तो इसकी जानकारी दी जाए। उनके अनुसार, सभापति ढकाल से प्रधानमंत्री बालेन को समिति में उपस्थित कराने के लिए कई बार आग्रह भी किया गया है।

आङ्देम्बे ने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री के बिना समिति की बैठक का कोई सार्थक अर्थ नहीं है, क्योंकि हमें उन्हीं से जवाब चाहिए। प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति के कारण समिति की बैठक लगातार दूसरी बार प्रभावित हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास