home page

बालेन शाह नेपाल के प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली राजकीय यात्रा पर भारत रवाना

 | 
बालेन शाह नेपाल के प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली राजकीय यात्रा पर भारत रवाना


- एक दशक पहले पढ़ाई के लिए बेंगलुरु आए थे बालेन्द्र शाह, अब प्रधानमंत्री बनकर पहली राजकीय यात्रा पर पहुंचेंगे दिल्ली

काठमांडू, 22 नवंबर (हि.स.)। करीब एक दशक पहले नेपाल के युवा बालेन्द्र शाह (बालेन) इंजीनियरिंग में स्नातकोत्तर की पढ़ाई करने भारत आए थे। उस समय उन्होंने शायद ही सोचा होगा कि एक दिन वह नेपाल के प्रधानमंत्री बनकर उसी देश की राजधानी नई दिल्ली की राजकीय यात्रा पर पहुंचेंगे। बालेन का यह सफर अब नेपाल के कार्यकारी प्रमुख के रूप में भारत पहुंचने तक पहुंच गया है।

प्रधानमंत्री शाह रविवार को नेपाल एयरलाइंस के विमान से दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली रवाना हो गए हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला औपचारिक विदेश दौरा है। वह भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत जा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि जब वर्ष 2015 के आसपास बालेन पढ़ाई के लिए कर्नाटक के बेंगलुरु पहुंचे थे, उस समय नरेंद्र मोदी अपने पहले कार्यकाल में भारत के प्रधानमंत्री थे।

बालेन का भारत से रिश्ता केवल प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण तक सीमित नहीं है। भारत ने उनके जीवन और शैक्षणिक सफर में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्ष 2015 में बालेन इंजीनियरिंग में स्नातकोत्तर की पढ़ाई के लिए भारत आए थे। नेपाल से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद वह स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में एमटेक करना चाहते थे।

भारत आने का सुझाव उन्हें उनकी बड़ी बहन सुजाता शाह ने दिया था। सुजाता कर्नाटक के बेलगावी में रहती हैं। उनका विवाह कारवार के पास स्थित सेजेकन गांव के हरिशकुमार सेजेकन से हुआ था। उन्होंने बालेन को बताया था कि भारत में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए अच्छे संस्थान उपलब्ध हैं और उन्हें बेंगलुरु जाने की सलाह दी थी। इसके बाद बालेन ने बेंगलुरु स्थित निट्टे मीनाक्षी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनएमआईटी) में दाखिला लिया। यह संस्थान विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (वीटीयू) से संबद्ध है।

एनएमआईटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर एवी श्रेयस के मुताबिक वर्ष 2015 में बालेन के साथ नेपाली छात्र सुनील लम्साल और प्रवीण श्रेष्ठ ने भी कॉलेज में दाखिला लिया था। बालेन और सुनील हॉस्टल के एक ही कमरे में रहकर पढ़ाई करते थे। सुनील इस समय बालेन की कैबिनेट में पुर्वाधार विकास मंत्री हैं।

इडली-डोसा पसंद था, कन्नड़ भाषा भी सीखी

बेंगलुरु में पढ़ाई के दौरान बालेन ने स्थानीय जीवनशैली को भी करीब से जाना। उनके बहनोई हरिश कुमार के अनुसार उन्हें दक्षिण भारतीय व्यंजनों में इडली और डोसा काफी पसंद थे। उन्होंने स्थानीय भाषा कन्नड़ भी सीखी थी। वह सामान्य बातचीत करने और रास्ता पूछने वालों को जवाब देने में सक्षम हो गए थे।

बालेन बेंगलुरु की पब संस्कृति से भी परिचित हुए। वह स्काईबार, चर्च स्ट्रीट और कोरमंगला के कुछ पब में दोस्तों के साथ जाते थे। उनके शिक्षकों के मुताबिक, वह दोस्तों के साथ समाज, शासन व्यवस्था और भविष्य जैसे विषयों पर चर्चा किया करते थे।

एनएमआईटी के उपाध्यक्ष संदीप शास्त्री के अनुसार बालेन की विशेष रुचि भूकंप इंजीनियरिंग में थी। उन्होंने इस विषय से जुड़े प्रोजेक्ट और इंटर्नशिप में भी काम किया था। कॉलेज के डीन डॉ. सुधीर रेड्डी के मुताबिक बालेन पढ़ाई में अच्छे होने के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता रखने वाले विद्यार्थी भी थे।

इंजीनियर से काठमांडू के मेयर और फिर प्रधानमंत्री तक का सफर

एमटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद बालेन नेपाल लौट आए। हालांकि, उन्होंने अपनी विशेषज्ञता के क्षेत्र में लंबे समय तक काम नहीं किया। कुछ वर्षों बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और मई 2022 में हुए स्थानीय निकाय चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में काठमांडू महानगरपालिका के मेयर निर्वाचित हुए।

मेयर के रूप में उनकी आक्रामक कार्यशैली और तीखी सार्वजनिक टिप्पणियों को लेकर कई बार विवाद भी हुए, लेकिन इसी दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में समर्थक भी जुटाए।

इसके बाद सितंबर 2025 में हुए जेन-जी आंदोलन ने नेपाल की राजनीति की दिशा बदल दी। केपी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली तत्कालीन सरकार गिर गई और 5 मार्च को प्रतिनिधि सभा का चुनाव हुआ। बालेन राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के साथ जुड़कर चुनाव मैदान में उतरे।

उन्होंने झापा-5 निर्वाचन क्षेत्र में तत्कालीन राजनीतिक दिग्गज और एमाले अध्यक्ष केपी शर्मा ओली को हराकर जीत दर्ज की। उस समय उनके करीबी नेताओं का कहना था कि बालेन पुरानी पीढ़ी के स्थापित नेताओं को हराकर नई पीढ़ी के राजनीतिक नेतृत्व का चेहरा बनना चाहते थे।

चुनाव में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किए गए बालेन की पार्टी आरएसपी को करीब दो-तिहाई बहुमत मिला। इसके बाद 26 मार्च को वह नेपाल के प्रधानमंत्री नियुक्त हुए।

मोदी के निमंत्रण से तय हुई पहली विदेश यात्रा

प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन की भारत यात्रा की तैयारियां अक्टूबर में उस समय आगे बढ़ीं, जब भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री काठमांडू पहुंचे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री बालेन शाह से मुलाकात कर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निमंत्रण सौंपा था। इस दौरान प्रस्तावित यात्रा और उससे हासिल होने वाले संभावित परिणामों पर भी चर्चा हुई थी।

दो दिवसीय राजकीय यात्रा के दौरान नेपाल और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंधों, ऊर्जा सहयोग, व्यापार, बुनियादी ढांचे और हवाई प्रवेश मार्ग (एयर रूट) जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

बालेन की इस यात्रा को नेपाल के साथ-साथ भारत और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भी काफी महत्व दिया जा रहा है। एक दशक पहले उच्च शिक्षा के लिए बेंगलुरु पहुंचे एक नेपाली युवा का प्रधानमंत्री बनकर नई दिल्ली पहुंचना उनके राजनीतिक और व्यक्तिगत सफर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास