home page

एलपीजी संकट के बीच नेपाल के प्रधानमंत्री ने सरकार के कामकाज का किया बचाव

 | 
एलपीजी संकट के बीच नेपाल के प्रधानमंत्री ने सरकार के कामकाज का किया बचाव


काठमांडू, 08 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) संकट के बीच अपनी सरकार के कामकाज का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि घाटे में चल रहे और लंबे समय से बंद सरकारी उद्योगों एवं संस्थानों को फिर से सक्रिय करने के लिए सरकार प्रयासरत है।

प्रधानमंत्री शाह ने शुक्रवार को फेसबुक पोस्ट में कहा कि उनकी सरकार ने राष्ट्रीय उद्योगों को अधिक प्रतिस्पर्धी और उत्पादक बनाने को प्राथमिकता दी है। उन्होंने नेपाल ड्रग्स लिमिटेड, हेटौंडा टेक्सटाइल इंडस्ट्री, नेपाल एयरलाइंस, डेयरी डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (डीडीसी) और सिंहदरबार वैद्यखाना में हुए सुधारों का उल्लेख किया।

शाह के अनुसार, गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिसेज प्रमाणपत्र हासिल करने के बाद नेपाल ड्रग्स लिमिटेड ने पिछले चार महीनों में 23.8 करोड़ नेपाली रुपये मूल्य की दवाइयां बेची हैं। उन्होंने दावा किया कि कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष में 30 करोड़ नेपाली रुपये का मुनाफा भी कमाया। लंबे समय से बंद हेटौंडा टेक्सटाइल इंडस्ट्री में परीक्षण उत्पादन शुरू हो गया है। इसी तरह नेपाल एयरलाइंस ने पिछले वित्त वर्ष के बीच 6.27 अरब नेपाली रुपये का राजस्व अर्जित किया।

शाह के मुताबिक डेयरी डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने किसानों को दिए जाने वाले बकाया भुगतान को 72 करोड़ रुपये से घटाकर 35 करोड़ रुपये कर दिया है। संस्थान की दैनिक आय भी करीब 60 लाख रुपये से बढ़कर 90 लाख रुपये हो गई है। हालांकि, प्रधानमंत्री ने हाल के एलपीजी संकट पर सीधे तौर पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। गैस की कमी के कारण आम उपभोक्ताओं को खाना पकाने के लिए सिलेंडर हासिल करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

शाह का यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रतिनिधि सभा में सत्तारूढ़ दल के सांसदों समेत कई सांसदों ने एलपीजी गैस की कमी और सरकार के समग्र प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाए हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास