नेपाल में लगातार बारिश के कारण मिड हिल हाइवे भी पूर्ण रूप से बंद किया गया
काठमांडू, 26 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल में शनिवार शाम से लगातार हो रही बारिश के बाद आज रविवार को भूस्खलन के कारण रुकुम पूर्व जिले में मिड-हिल हाईवे अवरुद्ध हो गया है।
ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के प्रमुख पुलिस निरीक्षक वीर बहादुर थापा के अनुसार भारी बारिश के कारण दर्जनों स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। इसी तरह की घटनाओं के कारण कई सहायक सड़कें भी अवरुद्ध हो गई हैं। उन्होंने बताया कि मिड-हिल हाईवे के धौलापहिरा, कंदाबगर, किमुबोट, सुन्तलाबारी, साईपाटुङ, कंक्री, सीता और अन्य क्षेत्रों में भूस्खलन हुआ है। इसके अलावा मुरु में दो अलग-अलग स्थानों पर भी पहिरो (भूस्खलन) की घटनाएं हुई हैं, जबकि धाउने सड़क खंड पूरी तरह बंद हो गया है।
पुलिस निरीक्षक थापा ने कहा कि भुमे गांवपालिका के एक्स्कावेटर की मदद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने मौसम में सुधार होने तक लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील भी की है, क्योंकि इससे सुरक्षा जोखिम बढ़ सकता है। इस बीच, शनिवार शाम करीब 6 बजे से रुकुमपूर्व में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है। बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से क्षेत्र में गेहूं की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

