नेपाल में भूमिहीन संगठन १४ मई को सुबह 6 बजे से 10 बजे तक करेंगे चक्का जाम
काठमांडू, 13 मई (हि.स.)। नेपाल में भूमिहीन और अव्यवस्थित बस्तियों को खाली कराने के सरकार के कदम के खिलाफ अखिल नेपाल भूमिहीन संघ आंदोलन में उतर गया है। संघ ने १४ मई को सुबह 6 बजे से 10 बजे तक चक्का जाम करने की घोषणा की है। इस दौरान वाहन संचालन बंद रखकर आंदोलन को सहयोग देने की अपील संघ ने यातायात व्यवसायियों और आम जनता से की है।
संघ ने बुधवार को काठमांडू में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में पीड़ित समुदायों पर चलाए जा रहे जबरन बेदखली और डोजर अभियान के खिलाफ आंदोलन करने की जानकारी दी। संघ के अध्यक्ष अमर परियार ने कहा कि अदालत द्वारा भूमिहीन बस्तियों को खाली न कराने का अंतरिम आदेश दिए जाने के बावजूद कोहलपुर में भूमिहीन बस्ती पर डोजर चलाया गया, जो आपत्तिजनक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सर्वोच्च अदालत के आदेश की अवहेलना की है और इसकी निंदा की। उनका कहना था कि केवल सरकार ही नहीं, बल्कि नेपाली सेना भी खुद को विवाद में लाने वाले तरीके से हस्तक्षेप कर रही है, जिसके खिलाफ संघर्ष किया जाएगा। संघ ने आंदोलन के दूसरे चरण के कार्यक्रम भी सार्वजनिक किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

