home page

काठमांडू हवाईअड्डे से भारतीय नागरिक विदेशी मुद्रा के साथ गिरफ्तार, लाखों रुपये बरामद

 | 
काठमांडू हवाईअड्डे से भारतीय नागरिक विदेशी मुद्रा के साथ गिरफ्तार, लाखों रुपये बरामद


काठमांडू, 10 सितंबर (हि.स.)। नेपाल पुलिस ने त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल से एक भारतीय नागरिक को बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा के साथ गिरफ्तार किया है।

विमानस्थल सुरक्षा कार्यालय, गौचर की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 9 सितंबर को रात करीब 11:24 बजे नेपाल एयरलाइंस की उड़ान RA225 से काठमांडू से बेंगलुरु, भारत जाने की तैयारी कर रहे भारतीय नागरिक जगदीश मोहन राव को विमानस्थल के एक्स-रे बैगेज चेकिंग क्षेत्र में जांच के दौरान पकड़ा गया।

पुलिस के मुताबिक, उसके सामान से भारतीय मुद्रा 6 लाख 35 हजार रुपये, चीनी मुद्रा 635 युआन, अमेरिकी डॉलर 10, वियतनामी मुद्रा 13 लाख 68 हजार डोंग और थाईलैंड की मुद्रा 1700 भाट बरामद की गई।

पुलिस ने बताया कि विदेशी मुद्रा को अवैध तरीके से छिपाकर ले जाने की कोशिश की जा रही थी। बरामद मुद्रा के साथ भारतीय नागरिक को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए संपत्ति शुद्धीकरण अनुसंधान विभाग भेजा गया है। नेपाल पुलिस के अनुसार, मामले में प्रचलित कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास