home page

चिलिमे सुरंग में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, मलबा और कीचड़ हटाने में जुटी भारत-नेपाल की टीमें

 | 
चिलिमे सुरंग में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, मलबा और कीचड़ हटाने में जुटी भारत-नेपाल की टीमें


काठमांडू, 08 सितंबर (हि.स.)। चिलिमे सुरंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए भारत और नेपाल की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। नेपाल में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया के जरिए रेस्क्यू ऑपरेशन की ताजा जानकारी साझा की है।

राजदूत के मुताबिक, भारत और नेपाल की संयुक्त टीमें सुरंग के भीतर जमा मलबे और कीचड़ को मैन्युअली हटाने का काम लगातार कर रही हैं। सुरंग के ढलान की वजह से बचाव कार्य में आ रही चुनौती को देखते हुए टीमों ने एचडीपीई पाइप लगाए हैं, ताकि सुरंग के अंदर आवाजाही को सुगम बनाया जा सके।

वहीं, सुरंग के मुहाने तक भारी मशीनरी पहुंचाने के लिए स्याफ्रुबेंसी से सुरंग पोर्टल तक अस्थायी ट्रैक बनाने का काम भी जारी है। इसके लिए नियंत्रित विस्फोट के जरिए रास्ता तैयार किया जा रहा है। इस अस्थायी मार्ग के तैयार होने के बाद भारी मशीनरी को सुरंग के अंदर ले जाना संभव होगा, जिससे मलबा हटाने और रेस्क्यू ऑपरेशन को गति मिलने की उम्मीद है।

भारत और नेपाल की टीमें सुरंग के भीतर बचाव कार्य को आगे बढ़ाने के लिए लगातार समन्वय के साथ काम कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास