home page

भारत-नेपाल सीमा स्तंभों के संरक्षण, मरम्मत के लिए संयुक्त समीक्षा बैठक का आयोजन

 | 
भारत-नेपाल सीमा स्तंभों के संरक्षण, मरम्मत के लिए संयुक्त समीक्षा बैठक का आयोजन


काठमांडू, 13 जून (हि.स.)। नेपाल-भारत के सीमा स्तंभों के संरक्षण, मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्यों को गति देने के उद्देश्य से दोनों देशों के अधिकारियों के बीच झापा के बिर्तामोड में शनिवार को संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

काठमांडू स्थित नापी विभाग की सीमा शाखा के तत्वावधान में हुई इस बैठक में पूर्वी नेपाल के झापा, इलाम, पांचथर और ताप्लेजुङ से जुड़े सीमा क्षेत्रों में चल रहे फील्ड कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन किया गया। बैठक में संयुक्त तकनीकी टीम ने पिछले तीन महीनों में किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत करते हुए मरम्मत किए गए तथा पुनर्निर्माण की आवश्यकता वाले सीमा स्तंभों की जानकारी दी।

सीमा संबंधी तकनीकी विषयों पर नियमित रूप से आयोजित होने वाली ऐसी बैठकों से सीमांकन की स्पष्टता बनाए रखने और सीमा स्तंभों के संरक्षण को मजबूत करने में सहयोग मिलने की अपेक्षा व्यक्त की गई। बैठक में सीमा क्षेत्रों में सामने आई तकनीकी समस्याओं के समाधान, आवश्यक समन्वय और आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।

नापी विभाग के प्रमुख नापी अधिकारी हरेराम यादव ने बताया कि सीमा स्तंभों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य दोनों देशों के बीच हुई द्विपक्षीय समझ के अनुसार आगे बढ़ रहा है। उनके अनुसार संयुक्त तकनीकी दल द्वारा स्थल निरीक्षण के बाद तैयार की गई रिपोर्टों के आधार पर आवश्यक निर्णय लेने की प्रक्रिया जारी है।

जिला प्रहरी कार्यालय के कार्यवाहक सूचना अधिकारी विजय चौहान ने कहा कि नेपाल-भारत सीमा से संबंधित द्विपक्षीय फील्ड सर्वेक्षण बैठक बिर्तामोड में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। सीमा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न निकायों के बीच समन्वय को और प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में झापा के प्रमुख जिला अधिकारी शिवराम गेलाल, सहायक प्रमुख जिला अधिकारी तेजप्रकाश प्रसाईं और अञ्जन न्यौपाने, नापी अधिकारी शिव प्रसाद लम्साल, डिभिजन वन अधिकारी नथुनी गोहीयारी यादव, सशस्त्र प्रहरी अधीक्षक अम्बिका प्रसाद जोशी तथा नेपाल प्रहरी अधीक्षक वसुन्धरा खड्का उपस्थित थे।

इसी प्रकार इलाम से प्रमुख जिला अधिकारी लक्ष्मण ढकाल, प्रहरी अधीक्षक कुलदीप चन्द, सशस्त्र प्रहरी नायब उपरीक्षक हेम पौडेल, डिभिजन वन अधिकारी राज कुमार खत्री, सहायक अनुसन्धान अधिकारी सुशान्त बराल तथा सशस्त्र प्रहरी अधीक्षक केशवराज प्याकुरेल सहभागी रहे।

ताप्लेजुङ से सहायक प्रमुख जिला अधिकारी यादव भट्टराई, कार्यवाहक डिभिजन वन अधिकारी ललित कुमार यादव, प्रहरी नायब उपरीक्षक उमेश जोशी तथा सशस्त्र प्रहरी नायब उपरीक्षक प्रमोद प्रकाश पाठक भी बैठक में शामिल हुए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास