नेपाल में अतिक्रमित जमीन १५ दिन के भीतर खाली कराने का निर्देश
काठमांडू, 30 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के गृह मंत्रालय ने सभी 77 जिला प्रशासन कार्यालयों को एक परिपत्र जारी कर अतिक्रमित सार्वजनिक जमीन पर बने ढांचों को १५ दिन के भीतर हटाने का निर्देश दिया है। यह निर्देश गृह सचिव की तरफ से सभी जिलाधिकारियों को भेजा गया है, जिसमें मंत्रालय ने सभी जिला प्रशासन कार्यालयों से स्थानीय निकायों के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
तीन मार्च के अपने पूर्व परिपत्र का उल्लेख करते हुए गृह मंत्रालय ने अतिक्रमित सार्वजनिक भूमि की पहचान कर १५ दिन के भीतर खाली कराने तथा उस जमीन की पूरी सुरक्षा की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन को संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर अतिक्रमित भूमि की पहचान करने और उसे खाली कराने के लिए विस्तृत योजना तैयार करने को कहा गया है।
मंत्रालय ने यह भी कहा कि सभी कार्यालय सार्वजनिक जमीन को वापस लेने के लिए कार्ययोजना तैयार कर उसे आगे की समीक्षा के लिए मंत्रालय को भेजें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

