home page

काठमांडू में गैस की किल्लत पर छात्रों का अनोखा प्रदर्शन, सड़क पर लकड़ी जलाकर पकाया खाना

 | 
काठमांडू में गैस की किल्लत पर छात्रों का अनोखा प्रदर्शन, सड़क पर लकड़ी जलाकर पकाया खाना


काठमांडू, 10 सितंबर (हि.स.)। काठमांडू में खाना पकाने वाली गैस (एलपीजी) की भारी कमी के विरोध में छात्रों ने अनोखा प्रदर्शन किया। माओवादी से जुड़े छात्रों ने गुरुवार को काठमांडू के प्रदर्शनी मार्ग स्थित आरआर कैंपस के गेट के सामने सड़क पर लकड़ी जलाकर खाना पकाकर विरोध जताया और वहीं बैठकर भोजन भी किया।

उनका कहना है कि सरकार गैस की सहज आपूर्ति सुनिश्चित करने में नाकाम रही है, जिसके कारण किराए के कमरों में रहने वाले छात्र और आम लोग परेशान हैं। अखिल क्रान्तिकारी के अध्यक्ष विजय प्रकाश सापकोटा ने कहा कि गैस की कमी के बीच किराए के मकानों में रहने वाले छात्रों को घर मालिक इंडक्शन चूल्हे का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देते और कमरों के अंदर लकड़ी जलाकर खाना पकाना भी संभव नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं के प्रति उदासीन है और सुशासन का नारा केवल भ्रम पैदा करने तक सीमित है। सापकोटा ने यह भी आरोप लगाया कि जरूरत से अधिक गैस आयात होने के बावजूद बाजार में कृत्रिम तरीके से भारी कमी पैदा कर कीमतें बढ़ाई गई हैं और इसमें राज्य की भी मिलीभगत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास