चिलिमे पावरहाउस सुरंग में 100 मीटर अंदर तक पहुंची भारतीय तकनीकी टीम, नेपाल में भारत के राजदूत ने लिया जायजा
काठमांडू, 04 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने स्याफ्रुबेसी के पास चिलिमे हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट में तैनात भारतीय तकनीकी टीम का दौरा किया। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम नेपाली सेना के साथ मिलकर चिलिमे पावरहाउस की सुरंग में फंसे लोगों की तलाश और बचाव अभियान में जुटी हुई है।
राजदूत श्रीवास्तव के अनुसार विशेष उपकरणों की मदद से भारतीय तकनीकी टीम सुरंग के अंदर करीब 100 मीटर तक पहुंचकर इलाके की जांच कर चुकी है। अब सुरंग में और आगे बढ़ने के लिए भारी उपकरणों को अंदर ले जाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि सुरंग के अंदर जमीन दलदली जैसी है और परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण हैं। कठिन और जोखिमपूर्ण भू-भाग के बावजूद भारतीय और नेपाली टीमें लगातार आगे बढ़ रही हैं और बिना रुके बचाव अभियान जारी रखे हुए हैं।
राजदूत ने मौके पर पहुंचकर दोनों देशों की टीमों के कठिन परिस्थितियों में किए जा रहे प्रयासों को करीब से देखा। मुश्किल हालात के बावजूद भारतीय और नेपाली दल पूरी दृढ़ता के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

