home page

बालेन्द्र शाह ने ओली को 50 हजार वोट से हराने में खर्च किए 14 लाख रुपये

 | 
बालेन्द्र शाह ने ओली को 50 हजार वोट से हराने में खर्च किए 14 लाख रुपये


काठमांडू, 09 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की तरफ से निर्वाचित बालेन्द्र शाह ने सोमवार को अपना चुनाव खर्च का विवरण चुनाव आयोग में जमा किया है। उन्होंने झापा-5 से इस चुनाव में करीब 14 लाख रुपये खर्च करके अपने प्रतिद्वंद्वी केपी शर्मा ओली को 50 हजार मतों के बड़े अंतर से परास्त किया है।

चुनाव परिणाम आने के तीस दिन के भीतर उम्मीदवारों को अपना चुनावी खर्च विवरण सार्वजनिक करते हुए आयोग में जमा करना होता है। सोमवार को दाखिल किए गए खर्च विवरण के अनुसार बालेन्द्र शाह ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान कुल 14,17,289 नेपाली रुपये खर्च किए। सबसे बड़े हिस्से के रूप में 5,80,000 रुपये निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में घर–घर प्रचार अभियान पर खर्च हुए। इसी तरह प्रचार अभियान के दौरान इस्तेमाल की गई दो गाड़ियों के किराये और ईंधन पर 2,93,800 रुपये खर्च किए गए।

चुनाव प्रचार के दौरान हवाई यात्रा के पांच दौरों पर 35,000 रुपये, 58 प्रतिभागियों वाले मतदाता प्रशिक्षण कार्यक्रम में जलपान पर 28,970 रुपये, नमूना मतपत्र छपाई पर 49,850 रुपये, पोस्टर और बैनर जैसे प्रचार सामग्री की छपाई पर 1,57,041 रुपये, बैनर और स्टिकर सहित अन्य प्रचार सामग्री पर 1,99,808 रुपये खर्च करने का उल्लेख किया गया है। झापा-5 स्थित चुनाव कार्यालय के संचालन के लिए दो महीने के दौरान पानी की आपूर्ति पर 1,20,000 रुपये और स्टेशनरी पर 22,820 रुपये खर्च किए गए।

इसके अलावा उम्मीदवार नामांकन पंजीकरण शुल्क 10 हजार रुपये था। उम्मीदवार प्रतिनिधि नवीन भंडारी के हस्ताक्षर वाली यह खर्च रिपोर्ट ९ मार्च को जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास