home page

मतदान से ठीक पहले पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउवा परिवार सहित सिंगापुर पहुंचे

 | 
मतदान से ठीक पहले पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउवा परिवार सहित सिंगापुर पहुंचे


काठमांडू, 26 फरवरी (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री तथा नेपाली कांग्रेस के पदच्युत पार्टी अध्यक्ष शेर बहादुर देउवा आगामी प्रतिनिधि सभा चुनाव से पहले सिंगापुर रवाना पहुंच गए हैं। पांच बार के प्रधानमंत्री और दस वर्षों तक पार्टी के लगातार अध्यक्ष रहे देउवा खुद को पार्टी अध्यक्ष पद से हटाए जाने के कारण नाराज चल रहे थे। इसीलिए चुनाव प्रचार के लिए आग्रह किए जाने के बावजूद वो कभी अपने निवास से बाहर नहीं निकले।

मतदान से एक हफ्ते पहले अचानक से सिंगापुर चले जाने से यह स्पष्ट हो गया है कि वो अब मतदान भी नहीं करने वाले हैं। देउवा के साथ सिंगापुर गए उनके सहयोगी भानु देउवा ने गुरुवार को सिंगापुर पहुंच कर फेसबुक पर यह जानकारी दी है। उनके अनुसार देउवा बुधवार देर रात 11 बजे काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल से सिंगापुर एयरलाइंस के विमान एसक्यू 441 उड़ान से सिंगापुर गए। भानु देउवा ने बताया कि वे उपचार के लिए परिवार के सदस्यों के साथ रवाना हुए हैं। शेर बहादुर देउवा के साथ उनके बेटे जयवीर, उनकी बहू और निजी सहयोगी भानु देउवा सिंगापुर गए हैं। उनकी पत्नी तथा पूर्व विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा देउवा इस समय भारत के मध्य प्रदेश में हैं।

नेपाली कांग्रेस के 15 जनवरी को हुए विशेष महाधिवेशन के बाद गगन थापा के नेतृत्व में नई कार्यसमिति का चुनाव हुआ था। नेपाल के निर्वाचन आयोग की ओर से थापा नेतृत्व वाली समिति को आधिकारिक मान्यता दिए जाने के बाद से देउवा पार्टी और राजनीतिक गतिविधियों से पूरी तरह निष्क्रिय रहे हैं। इससे पहले 8 और 9 सितंबर को आयोजित जेन-जी आंदोलन के दौरान घायल होने के बाद भी देउवा उपचार के लिए सिंगापुर गए थे।

हालांकि, नेपाल में राजनीतिक हालात में सुधार होने के बाद शेर बहादुर देउवा ने काठमांडू से वापस आकर पार्टी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई, लेकिन विशेष महाधिवेशन से उनको पद से हटाने का निर्णय करने के बाद नाराज होकर निष्क्रिय हो गए। पार्टी ने उन्हें इस बार उम्मीदवार भी नहीं बनाया। उनकी इच्छा थी कि वो आखिरी बार चुनाव लड़े। देउवा अपने परम्परागत निर्वाचन क्षेत्र सुदूर पश्चिम प्रदेश के डेडलधुरा से लगातार आठ बार से चुनाव जीतते आ रहे हैं। पार्टी ने इस बार वहां से अपने ही युवा संघ के पूर्व अध्यक्ष नैन सिंह महर को टिकट दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास