नेपाल : मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गृहमंत्री केंद्रीय कंट्रोल रूम में
काठमांडू, 05 मार्च (हि.स.)। नेपाल में मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए गृह मंत्रालय की उच्चस्तरीय टीम लगातार स्थिति पर नजर रख रही है। गृह मंत्री ओमप्रकाश अर्याल, गृह सचिव राजकुमार श्रेष्ठ, सुरक्षा निकायों के प्रमुखों और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम चुनाव से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था का सीधा मॉनिटरिंग कर रही है।
गृहमंत्री के निजी सचिव पर्शुराम पोखरेल के अनुसार यह टीम नेपाल गृह मंत्रालय के कंट्रोल रूम में बैठकर देशभर के सभी निर्वाचन क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रख रही है। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या सुरक्षा चुनौती से तुरंत निपटने के लिए गृह मंत्रालय ने एक केंद्रीय कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इस कंट्रोल रूम से देश के विभिन्न जिलों, मतदान केन्द्रों और सुरक्षा इकाइयों से लगातार सूचनाएँ प्राप्त की जा रही हैं।
सुरक्षा एजेंसियों से मिल रही रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक होने पर तुरंत निर्देश जारी किए जा रहे हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने के लिए नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाली सेना को देशभर में तैनात किया गया है। गृह मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की रियल-टाइम मॉनिटरिंग प्रणाली से चुनाव प्रक्रिया के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई करना संभव हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

