home page

नेपाल को ‘डेस्टिनेशन वेडिंग हब’ बनाने के लिए नई दिल्ली में कार्यक्रम

 | 
नेपाल को ‘डेस्टिनेशन वेडिंग हब’ बनाने के लिए नई दिल्ली में कार्यक्रम


काठमांडू, 29 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने भारत को केंद्रित कर नेपाल को ‘डेस्टिनेशन वेडिंग हब’ बनाने के उद्देश्य से प्रचार अभियान तेज कर दिया है। नेपाल टूरिज्म बोर्ड और होटल एसोशिएशन ऑफ नेपाल ने भारत स्थित नेपाली दूतावास के सहयोग से ‘नेपाल डेस्टिनेशन वेडिंग एंड ओटीएज कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया। दो दिवसीय (२९ और ३० अप्रैल) कार्यक्रम में नेपाल और भारत के पर्यटन तथा वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े प्रतिनिधि सहभागी हो रहे हैं।

इस कार्यक्रम के माध्यम से नेपाल को सांस्कृतिक समृद्धि, प्राकृतिक सुंदरता और पारंपरिक वैवाहिक रीति-रिवाजों के अनोखे मेल वाले ‘ड्रीम वेडिंग डेस्टिनेशन’ के रूप में स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। कार्यक्रम में शामिल बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी रॉबिन रेगमी के अनुसार, इसमें नेपाल की 21 प्रतिष्ठित कंपनियों और भारत के 45 वेडिंग प्लानर्स कंपनी की सक्रिय भागीदारी रही।

उन्होंने बताया कि नेपाली प्रतिनिधियों ने नेपाल में विवाह समारोह के लिए उपलब्ध उच्चस्तरीय होटल, रिसॉर्ट और सेवाओं के बारे में प्रस्तुति दी और उनका प्रचार किया। बी-टू-बी बैठकों, प्रस्तुतियों, नेटवर्किंग और चर्चाओं के माध्यम से नेपाल-भारत के बीच वेडिंग टूरिज्म सहयोग बढ़ाने की आधारशिला रखी गई।

नेपाल टूरिज्म बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक राज जोशी ने कहा कि वेडिंग टूरिज्म नेपाल के लिए अत्यधिक संभावनाओं वाला क्षेत्र है। उन्होंने कहा, “नेपाल में वेडिंग टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं, जहां लग्जरी रिसॉर्ट्स से लेकर प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों तक कई विकल्प उपलब्ध हैं।”

उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के प्रयासों से न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी बल्कि उच्च खर्च करने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने में भी मदद मिलेगी, जिससे समग्र अर्थव्यवस्था और अन्य सहायक क्षेत्रों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

कार्यक्रम में होटल एसोशिएशन ऑफ नेपाल के अध्यक्ष विनायक शाह ने कहा कि नेपाल और भारत के बीच सहयोग वेडिंग टूरिज्म को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं, इंडियन वेडिंग प्लानर एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज धवन ने कहा कि भारत में डेस्टिनेशन वेडिंग की बढ़ती लोकप्रियता नेपाल के लिए बड़ा अवसर है।

नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास के कार्यवाहक राजदूत डॉ. सुरेंद्र थापा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम नेपाल-भारत के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करेंगे तथा द्विपक्षीय पर्यटन सहयोग को नई ऊंचाई देंगे। उन्होंने कहा कि पूर्वी सभ्यता में विवाह का गहरा सांस्कृतिक महत्व है और नेपाल भारत जैसे सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बाजार के लिए एक आदर्श वेडिंग डेस्टिनेशन बन सकता है।

नेपाल टूरिज्म बोर्ड के हालिया आंकड़ों के अनुसार भारत, नेपाल के लिए सबसे बड़ा पर्यटन स्रोत बाजार बना हुआ है। वर्ष 2025 में नेपाल आने वाले कुल हवाई पर्यटकों में 25.2 प्रतिशत यानी 2 लाख 92 हजार 438 भारतीय पर्यटक थे। उसी वर्ष कुल 11 लाख 58 हजार 451 हवाई पर्यटक नेपाल पहुंचे थे।

बोर्ड के अनुसार, यदि भारतीय बाजार को लक्षित कर वेडिंग टूरिज्म को प्रभावी ढंग से बढ़ावा दिया जाए तो इससे उच्च खर्च करने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने और पूरे वर्ष पर्यटन गतिविधियों को संतुलित बनाए रखने में मदद मिलेगी। नेपाल को सिर्फ पर्यटन स्थल ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक अनुभव, लग्जरी सेवाएं और यादगार विवाह आयोजनों के केंद्र के रूप में स्थापित करने की उम्मीद की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास