नेपाल में मनाया गया दलाई लामा का 91वां जन्मदिन, विदेशी कूटनीतिज्ञ भी हुए शामिल
काठमांडू, 06 जुलाई (हि.स.)। नेपाल में रह रहे तिब्बती समुदाय ने सोमवार को अपने आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा का 91वां जन्मदिन श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया, जहां अमेरिका, यूरोप के करीब दर्जन भर कूटनीतिज्ञों की सहभागिता रही। तिब्बत से निर्वासन में रह रहे 14वें दलाई लामा सोमवार से 91 वर्ष के हो गए हैं।
इस अवसर पर काठमांडू में आयोजित एक कार्यक्रम में तिब्बती समुदाय ने परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार दलाई लामा के चित्र की पूजा-अर्चना की और उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। विशेष समारोह में नेपाल स्थित अमेरिकी, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया सहित यूरोप के विभिन्न देशों के राजनयिक एवं प्रतिनिधियों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र के शरणार्थी उच्चायोग आयोग के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। इस वर्ष काठमांडू में आयोजित कार्यक्रम में पिछले वर्षों की तरह तिब्बती राष्ट्रीय गान, पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां (नृत्य और संगीत) तथा झांकी प्रदर्शन का आयोजन नहीं किया गया।
दलाई लामा के जन्मदिन के अवसर पर आज विभिन्न बौद्ध मठों में भी विशेष प्रार्थना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दुनिया भर में बसे तिब्बती समुदाय हर वर्ष 6 जुलाई को अपने आध्यात्मिक एवं निर्वासित नेता दलाई लामा का जन्मदिन मनाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

