नेपाली सेना ने काठमांडू के हनुमानढोका दरबार में मनाया वसंत पंचमी पर्व
काठमांडू, 23 जनवरी (हि.स.)। नेपाली सेना की ओर से माघ शुक्ल पंचमी को मनाया जाने वाला श्रीपंचमी पर्व आज ज्ञान की देवी सरस्वती की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धापूर्वक मनाया जा रहा है।
काठमांडू के हनुमानढोका दरबार में परंपरागत वसन्त श्रवण समारोह का आयोजन किया गया। राजतंत्र के समय यह समारोह राजाओं की उपस्थिति में होता था, जबकि लोकतांत्रिक गणराज्य की स्थापना के बाद राष्ट्राध्यक्ष के रूप में राष्ट्रपति की उपस्थिति में यह परंपरा जारी है।
इस वर्ष इस समारोह में राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल, प्रधानमंत्री सुशीला कार्की, राष्ट्रिय सभा अध्यक्ष नारायण दाहाल तथा अन्य मंत्रीगण उपस्थित रहे।
श्रीमद् भागवत पुराण के अनुसार बसन्त श्रवण का अर्थ है वसंत ऋतु में गाए जाने वाले गीतों को सुनना। यह परंपरा भगवान श्रीकृष्ण की खोज में राधा और गोपियों द्वारा गाए गए गीतों से जुड़ी मानी जाती है। वसंत के आगमन का उत्सव मनाने वाले ये गीत बसन्त राग शैली में प्रस्तुत किए जाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

