home page

चीन की तरफ आए भारी भूस्खलन से नेपाल की भोटेकोशी नदी का बहाव हुआ बाधित

 | 
चीन की तरफ आए भारी भूस्खलन से नेपाल की भोटेकोशी नदी का बहाव हुआ बाधित


काठमांडू, 13 अगस्त (हि.स.)। चीन के न्यालम स्थित झिम्मु पोस्ट के पास गुरुवार को बड़े पैमाने पर भूस्खलन होने से नेपाल के भोटेकोशी नदी का बहाव प्रभावित हुआ है। भूस्खलन के कारण नदी का करीब आधा हिस्सा अवरुद्ध हो गया है।

सिन्धुपाल्चोक जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार गुरुवार को भोटेकोशी गाउँपालिका के लिपिङ के सामने चीन क्षेत्र में पत्थर और मिट्टी सहित भारी भूस्खलन हुआ। इसके कारण चीन से नेपाल की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी के प्रवाह में बाधा उत्पन्न हुई है।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि नदी का बहाव प्रभावित होने के कारण किसी भी समय अचानक बाढ़ या अन्य आपदा की स्थिति पैदा हो सकती है।संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए भोटेकोशी, बाह्रबीसे और बलेफी गाउँपालिका क्षेत्रों में नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी अपनाने का आग्रह किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास