home page

उप्र के कुशीनगर से 453 नेपाली नागरिक बसों से नेपाल भेजे गए

 | 
उप्र के कुशीनगर से 453 नेपाली नागरिक बसों से नेपाल भेजे गए


काठमांडू, 30 मई (हि.स.)। भारत के उत्तर प्रदेश स्थित कुशीनगर क्षेत्र से 453 नेपाली नागरिकों को नेपाल को सौंपा गया। उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से नेपाल पुलिस की एक टीम शुक्रवार रात कुशीनगर पहुंची और सभी नेपाली नागरिकों को सुरक्षित वापस लेकर आई।

इन सभी लोगों को शनिवार सुबह आठ बसों के माध्यम से बेलहिया सीमा नाका होते हुए नेपाल के रुपन्देही जिले के भैरहवा पहुंचाया गया।

जिला पुलिस कार्यालय रुपन्देही के प्रमुख एसपी जनक बहादुर शाही ने बताया कि उद्धार किए गए लोगों की व्यक्तिगत जानकारी और पहचान संबंधी विवरण संकलित करने का कार्य जारी है। बचाए गए लोगों में लगभग आधी संख्या महिलाओं की है।

एसपी शाही के अनुसार रोजगार समेत विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर इन नेपाली नागरिकों को कुशीनगर क्षेत्र में ले जाकर रखा गया था। सूचना मिलने के बाद भारतीय पुलिस के सहयोग से उन्हें नेपाल वापस लाया गया।

शाही ने कहा, “सभी व्यक्तियों का विवरण संकलित कर आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद उन्हें उनके घर भेजा जाएगा।”

एसपी शाही ने कहा कि उन्हें भारत ले जाने के पीछे कौन लोग शामिल थे और उनका उद्देश्य क्या था, इस संबंध में विस्तृत जांच की जाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास