नेपाल का बीपी राजमार्ग तीन दिन बाद भी नहीं हो पाया सुचारू
काठमांडू, 27 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल में शनिवार शाम से अवरुद्ध बीपी राजमार्ग आज अभी तक सुचारु नहीं हो सका है। रोशी नदी में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए डायवर्जन रविवार तक अधिकांश स्थानों पर दोबारा बना दिए गए, लेकिन रविवार शाम हुई बारिश इन नए डायवर्जन को फिर बहा ले गई।
राजमार्ग के चिउरीबास, नार्के और चार सय बेँसी क्षेत्रों में रविवार को बनाए गए डायवर्जन भी बह गए हैं। मंगलटार प्रमुख पुलिस निरीक्षक ईश्वर कार्की के अनुसार, 13 डायवर्जन में से 8 स्थानों पर दोबारा निर्माण किया गया था, लेकिन रविवार शाम की बारिश ने उन्हें फिर नुकसान पहुंचाया। उन्होंने बताया कि आज सुबह से फिर से डायवर्जन निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है।
शनिवार को रोशी नदी की बाढ़ ने चौकीडाँडा, घुमाउने, चारसय बेँसी, गिम्दी बेँसी, नार्के, चिउरीबास, बोक्सीकुना, कालढुंगा, डालाबेशी, बुलढुंगा और माम्ती क्षेत्रों के डायवर्जन बहा दिए थे। वहीं सिन्धुली की ओर आँपघारी और नेपालथोक में भी डायवर्जन क्षतिग्रस्त हुए थे। पुलिस के अनुसार, सड़क डिवीजन कार्यालय और ठेकेदार कंपनी मौसम में सुधार होने के बाद क्षतिग्रस्त डायवर्जनों की मरम्मत कर यातायात को फिर से शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

