home page

नेपाल में छात्र संगठनों को खत्म करने के फैसले के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन

 | 
नेपाल में छात्र संगठनों को खत्म करने के फैसले के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन


काठमांडू, 23 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के विश्वविद्यालयों में राजनीतिक दलों से संबद्ध छात्र एवं कर्मचारी संगठनों को समाप्त करने के बालेन्द्र शाह सरकार के फैसले के खिलाफ विधि के छात्रों ने गुरुवार को काठमांडू में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालयों में मौजूद स्वतंत्र छात्र यूनियन और विभिन्न छात्र संगठनों के अस्तित्व को खत्म करने की कोशिश सरकार का अधिनायकवादी कदम है। इसी फैसले के विरोध में हम प्रदर्शन कर रहे हैं।

नेपाल लॉ कैंपस के स्वतंत्र छात्र यूनियन और संयुक्त छात्र संगठनों के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में छात्रों ने काठमांडू के प्रदर्शनी मार्ग पर सरकार के खिलाफ मार्च निकाला।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय छात्र राजनीति और नेतृत्व विकास के महत्वपूर्ण केंद्र रहे हैं, ऐसे में छात्र संगठनों पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय छात्र अधिकारों पर सीधा हमला है।

उल्लेखनीय है कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सभी विश्वविद्यालयों और चिकित्सा संस्थानों को राजनीतिक दलों से संबंद्ध छात्र एवं कर्मचारी संगठनों को तुरंत समाप्त करने का आदेश दिया था। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और चिकित्सा संस्थानों के प्रमुखों के साथ लंबी चर्चा की थी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास