अखिल नेपाल फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों के विदेश जाने पर रोक
काठमांडू, 26 अप्रैल (हि.स.)। अखिल नेपाल फुटबॉल एसोसिएशन (एन्फा) के अध्यक्ष पंकज विक्रम नेमबांग सहित सभी 24 अधिकारियों के पासपोर्ट को काली सूची में डालकर इन सभी के विदेश भ्रमण पर रोक लगा दी गई है।
आप्रवासन विभाग के अनुसार शुक्रवार को एन्फा के 24 अधिकारियों के पासपोर्ट को ब्लैकलिस्ट में रखने के लिए आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। यह पत्र नेपाल के युवा तथा खेलकूद मंत्रालय के माध्यम से गृह मंत्रालय पहुंचा था। इसके बाद गृह मंत्रालय से आप्रवासन विभाग को पत्र भेजे जाने पर एन्फा पदाधिकारियों के पासपोर्ट रविवार को ब्लैकलिस्ट में डाल दिए गए।
इससे पहले नेपाल के राष्ट्रीय खेलकूद परिषद ने एन्फा से जुड़े मामलों की जांच के लिए कार्यकारी सदस्य कमल भट्टराई के संयोजकत्व में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। खेलकूद परिषद के सदस्य भट्टराई के अनुसार जांच समिति ने आर्थिक मामलों की जांच के तहत नेमबांग सहित अन्य पदाधिकारियों के पासपोर्ट को ब्लैकलिस्ट में रखने के लिए पत्राचार किया था।
आप्रवासन विभाग ने कहा कि यदि ब्लैकलिस्ट में शामिल कोई व्यक्ति विदेश जाने की कोशिश करता है, तो आप्रवासन विभाग संबंधित निकाय को इसकी जानकारी देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

