नाटो में दरार गहराई, पोलिश पीएम टस्क ने जताई चिंता
वारसॉ/वॉशिंगटन, 30 अप्रैल (हि.स.)। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने नाटो में बढ़ती दरार पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि ट्रांसअटलांटिक गठबंधन के सामने सबसे बड़ा खतरा बाहरी दुश्मन नहीं, बल्कि अंदरूनी विघटन है।
टस्क ने सोशल मीडिया पर लिखा कि गठबंधन का मौजूदा बिखराव चिंताजनक है और सभी सदस्य देशों को इसे रोकने के लिए मिलकर प्रयास करना चाहिए। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव ने नाटो देशों के बीच मतभेद को और बढ़ा दिया है।
इसी बीच अमेरिका ने जर्मनी से अपने करीब 5,000 सैनिकों को वापस बुलाने का फैसला किया है। यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच हालिया बयानबाजी के बाद उठाया गया बताया जा रहा है।
ट्रम्प ने इटली और स्पेन पर भी नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि इन देशों ने अमेरिकी सैन्य विमानों को अपने बेस इस्तेमाल करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका इन देशों से भी अपनी सैन्य मौजूदगी घटा सकता है।
इन घटनाओं से नाटो के भीतर एकजुटता पर सवाल खड़े हो गए हैं। मौजूदा हालात में सदस्य देशों के बीच समन्वय और रणनीतिक स्पष्टता की जरूरत पहले से ज्यादा महसूस की जा रही है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

