home page

भैरहवा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा संचालन के लिए भारत से मदद लेने का सुझाव

 | 
भैरहवा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा संचालन के लिए भारत से मदद लेने का सुझाव


काठमांडू, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय सीमा पर भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा का संचालन करने के लिए लुम्बिनी प्रदेश के सांसदों ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को तत्काल भारत सरकार से मदद लेने का सुझाव दिया है।

प्रधानमंत्री शाह ने सोमवार को लुम्बिनी प्रदेश से निर्वाचित प्रतिनिधि सभा सदस्यों के साथ बैठक की। इस बैठक में शामिल नेपाली कम्युूनिस्ट पार्टी के नेता वर्षमान पुन ने भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा के संचालन के विषय में तत्काल भारत सरकार से मदद लेने का सुझाव दिया। उन्होंने भैरहवा हवाई अड्डे को जल्द से जल्द संचालन में लाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालन के लिए हवाई मार्ग के मुद्दे पर भारत के साथ कूटनीतिक संवाद में देरी न करने की अपील की।

पुन ने कहा कि भैरहवा हवाई अड्डे पर श्रम डेस्क स्थापित कर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नियमित करने और पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलने में अब और देर नहीं करनी चाहिए। पुन के इस सुझाव का वहां उपस्थित सभी सांसदों ने समर्थन करते हुए हवाईअड्डा निर्माण के पांच वर्ष के बाद भी इसका संचालन नहीं होने पर चिंता व्यक्त की। अन्य दलों के सांसदों ने भी कहा कि भारतीय सीमा पर बने इस हवाईअड्डे के संचालन के लिए भारत सरकार के साथ कूटनीतिक पहल का कोई विकल्प नहीं है।

प्रधानमंत्री शाह ने इन सांसदों को आश्वासन दिया कि वो इस संबंध में जल्द ही भारत से कूटनीतिक वार्ता शुरू करने के लिए विदेश मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय को निर्देश देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास