home page

अटकलों के बीच ईरानी मीडिया की रिपोर्ट- खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई जीवित और पूरी तरह स्वस्थ

 | 
अटकलों के बीच ईरानी मीडिया की रिपोर्ट- खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई जीवित और पूरी तरह स्वस्थ


तेहरान, 04 मार्च (हि.स.)। ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को लेकर चल रही अटकलों के बीच ईरानी मीडिया ने स्पष्ट किया है कि वह जीवित और पूरी तरह स्वस्थ हैं।

ईरान की समाचार एजेंसी मेहर न्यूज एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में कहा, “मोजतबा खामेनेई पूरी तरह स्वस्थ हैं।” रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि मोजतबा देश से जुड़े “महत्वपूर्ण मुद्दों” की समीक्षा कर रहे हैं, हालांकि इन मुद्दों का विवरण साझा नहीं किया गया।

सुप्रीम लीडर के दूसरे बेटे मोजतबा खामेनेई को लंबे समय से संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जाता रहा है। विश्लेषकों के अनुसार उनका प्रभाव पर्दे के पीछे माना जाता है और उनके संबंध इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) तथा उसकी स्वयंसेवी अर्धसैनिक इकाई बसीज नेटवर्क से गहरे बताए जाते हैं।

हालांकि, पिता से पुत्र को सत्ता हस्तांतरण का कोई भी प्रयास ईरान की राजनीतिक और धार्मिक परंपराओं के संदर्भ में संवेदनशील माना जाता है। शिया धार्मिक परंपरा में वंशानुगत सत्ता हस्तांतरण को सामान्यतः स्वीकार्यता नहीं है, खासकर ऐसे देश में जहां इस्लामी क्रांति ने राजशाही व्यवस्था को समाप्त किया था।

व्यावहारिक तौर पर भी चुनौतियां हैं, क्योंकि मोजतबा न तो उच्च श्रेणी के धर्मगुरु के रूप में व्यापक पहचान रखते हैं और न ही उनके पास कोई आधिकारिक सरकारी पद है। वर्ष 2019 में अमेरिका ने उन पर प्रतिबंध भी लगाए थे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय